




Inkhabar Haryana, BKU Chaduni Group: चंडीगढ़ में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी ग्रुप) के प्रतिनिधि मंडल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मुलाकात की। इस बैठक में किसानों के कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और मुख्यमंत्री ने उनकी सभी मांगों पर विस्तार से विचार करने का आश्वासन दिया। बैठक में अधिकारियों को भी बुलाया गया, जिससे किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा सके।
गुरनाम चढ़ूनी ने बताया कि जगजीत सिंह डल्लेवाल के मुद्दे पर मुख्यमंत्री से केंद्र सरकार के साथ मध्यस्थता करने और बातचीत शुरू करवाने का अनुरोध किया गया। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन को लेकर SKM के दो भाग कर दिए गए हैं, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए। दोनों संगठनों को एक साथ आकर पुनर्विचार करना चाहिए। चढ़ूनी ने यह भी कहा कि राजनीतिक और गैर-राजनीतिक की शर्त को हटाकर, सभी किसानों को एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए संघर्ष करना चाहिए।
चढ़ूनी ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित कमेटी की मीटिंग बुलाने पर उन्हें अब तक कोई पत्र नहीं मिला है। सिलेक्टेड संगठनों को बुलाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अगर उन्हें बुलाया जाएगा तो वे जरूर मीटिंग में शामिल होंगे।
किसान आंदोलन के भविष्य पर चर्चा करते हुए चढ़ूनी ने कहा कि हरियाणा का किसान भी जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरेगा। हालांकि, उन्होंने पंजाब के किसानों के आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हरियाणा के जो संगठन पंजाब में जाकर बैठे हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था। अगर उन्हें दिल्ली की ओर जाना था, तो दिल्ली की तरफ बढ़ना चाहिए था।




