Advertisement
Advertisement
होम / Farmer Protest: चरखी दादरी में किसानों और खापों ने की पंचायत, 26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च का ऐलान

Farmer Protest: चरखी दादरी में किसानों और खापों ने की पंचायत, 26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च का ऐलान

BY: • LAST UPDATED : January 25, 2025

Inkhabar Haryana, Farmer Protest: चरखी दादरी में 26 जनवरी को किसान संगठनों और खापों के नेतृत्व में एक व्यापक ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। इस संबंध में बुधवार को सर्व कर्मचारी संघ कार्यालय के सामने एक महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें जिले की प्रमुख खापों और किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। पंचायत में सर्वसम्मति से केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए किसानों की मांगें पूरी करने की अपील की गई।

खापों और किसान संगठनों का एकजुट मंच

महापंचायत में सभी खापों और किसान संगठनों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए किसानों के समर्थन में अपने विचार रखे। खाप नेताओं ने केंद्र सरकार से डल्लेवाल की मांगों को जल्द से जल्द स्वीकार करने की अपील की और किसानों के संघर्ष का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन ऐतिहासिक होगा और इसका असर दूरगामी होगा।

ट्रैक्टर मार्च का रूट

पंचायत में निर्णय लिया गया कि ट्रैक्टर मार्च दिल्ली रोड स्थित भाजपा के कमलम कार्यालय से शुरू होगा और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए लघु सचिवालय पर समाप्त होगा। इस दौरान दादरी विधानसभा के भाजपा विधायक सुनील सांगवान के आवास के सामने से भी ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। किसान नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन किसानों की मांगों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है।

किसानों की मांग और सरकार को चेतावनी

किसान सभा के जिला प्रधान रणधीर सिंह ने कहा कि अगर केंद्र सरकार 14 फरवरी तक डल्लेवाल की मांगों को नहीं मानती है, तो एक बड़ा ऐतिहासिक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जो उग्र रूप ले सकता है। इसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राजकुमार ने सरकार से अपील की कि किसानों की समस्याओं का समाधान जल्द किया जाए।

वहीं, CITU की राज्य उप प्रधान कमलेश भैरवी ने कहा कि किसान संगठनों के संघर्ष को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है और सरकार को जनता की आवाज सुननी होगी।