Inkhabar Haryana, Farmer Protest: हरियाणा के हांसी में किसानों ने एक बार फिर स्थानीय जाट धर्मशाला में बड़ी बैठक की। इस बैठक में किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने शिरकत की और किसानों को संबोधित किया। किसानों ने सरकार की नीतियों पर असंतोष जताया और अपनी आगामी रणनीतियों पर चर्चा की। खासतौर पर खेड़ी चौपट में हुई पुलिस झड़प के बाद किसानों को मिल रहे वारंट को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप
किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि किसान आंदोलन को एक साल पूरा होने वाला है, लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों के खिलाफ दर्ज मामलों को खत्म करने का वादा किया गया था, लेकिन अब किसानों को वारंट भेजे जा रहे हैं।
महापंचायत का आह्वान
कोहाड़ ने कहा कि किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल लंबे समय से आमरण अनशन पर बैठे हैं, इसलिए किसानों को उनका समर्थन करना चाहिए। इसके अलावा, 12 फरवरी को दाता सिंह वाला बॉर्डर पर एक महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें खुद डल्लेवाल किसानों को संबोधित करेंगे। इस महापंचायत में हरियाणा, पंजाब और राजस्थान से बड़ी संख्या में किसानों के जुटने की उम्मीद है।
MSP पर सरकार की नीयत पर सवाल
सरकार द्वारा 22 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद के दावे पर भी कोहाड़ ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार को एमएसपी पर खरीद की पावर नहीं है, क्योंकि यह राज्य का नहीं, बल्कि केंद्र सरकार का विषय है। वहीं, किसानों की फसलें एमएसपी से नीचे दामों पर खरीदी जा रही हैं, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ रही हैं।
14 फरवरी की बैठक पर टिकी निगाहें
किसानों ने आगामी 14 फरवरी को सरकार के साथ होने वाली बैठक में इन सभी मुद्दों पर चर्चा करने की रणनीति बनाई है। इस बैठक में किसान नेता सरकार से कृषि कानूनों की वापसी, एमएसपी की गारंटी और किसानों के खिलाफ दर्ज मामलों को रद्द करने की मांग करेंगे।