Inkhabar Haryana, Farmer Protest: आज 5 मार्च को किसान संगठनों द्वारा चंडीगढ़ में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां के नेतृत्व में किसान आज चंडीगढ़ में एकत्र होकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। इसे ध्यान में रखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं और कई एहतियाती कदम उठाए हैं।
शहर की सीमाओं पर सख्त निगरानी
किसानों के संभावित आंदोलन को देखते हुए चंडीगढ़ में प्रवेश करने वाले 12 मार्गों को डायवर्ट कर दिया गया है। ये कदम किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए उठाया गया है। चंडीगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आज घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान को जरूर देखें ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पंजाब पुलिस के साथ समन्वय
चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पंजाब पुलिस के अफसरों से भी संपर्क किया है ताकि किसानों को चंडीगढ़ में प्रवेश करने से पहले ही रोका जा सके। शहर की सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सभी वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है।
प्रदर्शन से पहले रोकने की कोशिश
पुलिस प्रशासन ने खासतौर पर उन रास्तों और इलाकों पर ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं, जहां से किसानों के अपने निजी वाहनों से चंडीगढ़ पहुंचने की संभावना है। आज दिनभर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रदर्शन की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे चंडीगढ़ में सतर्कता बरती जा रही है। अब यह देखना होगा कि किसानों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहता है या नहीं और प्रशासन इसे किस तरह नियंत्रित करता है।