Advertisement
Advertisement
होम / Independence Day 2025: पीएम मोदी ने कर दी किसानों की बल्ले-बल्ले, लाल किले से किया ये बड़ा ऐलान

Independence Day 2025: पीएम मोदी ने कर दी किसानों की बल्ले-बल्ले, लाल किले से किया ये बड़ा ऐलान

BY: • LAST UPDATED : August 15, 2025
Inkhabar Haryana, Independence Day 2025: देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया। अपने भाषण की शुरुआत में उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी और इस दिन के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर में सशस्त्र बलों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान का अभिन्न अंग बताया।

विकसित भारत के विजन के बारे में बताया

इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन में “आत्मनिर्भरता” के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि आत्मनिर्भरता केवल रुपये, आयात या निर्यात तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत के हर नागरिक, हर क्षेत्र और हर वर्ग की समग्र प्रगति का आधार है। इसी क्रम में उन्होंने “विकसित भारत” के विजन को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत तभी विकसित राष्ट्र बन सकता है जब उसके किसान, पशुपालक और मछुआरे समृद्ध और सुरक्षित हों।

किसानों के हितों के बारे में की बात

प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि कोई भी नीति जो किसानों के हितों के लिए खतरा बनेगी, मैं उसके खिलाफ दीवार बनकर खड़ा रहूंगा। भारत अपने किसानों के हितों की रक्षा के मामले में कभी समझौता नहीं करेगा। उन्होंने किसानों के आर्थिक और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में उनका अभूतपूर्व योगदान है। पिछले वर्ष, किसानों ने अनाज उत्पादन में सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए, जो उनकी मेहनत, तकनीकी जागरूकता और सही संसाधनों के उपयोग का परिणाम है।

Advertisement

प्रधानमंत्री ने बताया कि यह सफलता तभी संभव हुई जब खेती से जुड़ी व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किए गए जैसे सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, पानी की बेहतर उपलब्धता, उच्च गुणवत्ता वाले बीज और उर्वरकों की आपूर्ति और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाना आदि। इन पहलों के कारण देश की कृषि उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

किसानों की प्रतिक्रिया

हरियाणा के अधिकांश किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन पर अपनी संतुष्टि व्यक्त की। उनका कहना है कि आज देश का किसान पहले की तुलना में अधिक खुशहाल जीवन जी रहा है। चाहे बात न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की हो या खाद, पानी और बिजली की आपूर्ति की, सरकार समय-समय पर ये सुविधाएं सुनिश्चित कर रही है। किसानों का मानना है कि केंद्र सरकार के प्रयासों से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और खेती में उत्पादन क्षमता बढ़ी है। किसान संगठनों ने भी माना कि पिछले वर्षों में कृषि क्षेत्र में कई सकारात्मक बदलाव हुए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।