Paddy Markets: अंबाला जिले की मंडियों में धान की आवक लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन खरीद और उठान की गति इसके मुकाबले कम है। जिले की 14 मंडियों में अब तक 31 लाख क्विंटल धान पहुंच चुका है, लेकिन केवल 24 लाख क्विंटल की खरीद हो पाई है। सरकारी एजेंसियों ने 8.41 लाख क्विंटल धान का उठान किया है।उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उठान के कार्य में तेजी लाई जाए ताकि किसानों को जल्द से जल्द भुगतान हो सके। उठान के आधार पर अब तक किसानों को 140 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
जैसे-जैसे धान का उठान हो रहा है, वैसे-वैसे भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। हालांकि, केसरी मंडी में अभी तक उठान का कार्य शुरू नहीं हुआ है। अब तक जिले की विभिन्न मंडियों में 35 प्रतिशत धान का उठान हो चुका है। अंबाला छावनी से 22 लाख 43 हजार क्विंटल, अंबाला शहर से 4 लाख 75 हजार क्विंटल, नन्यौला मंडी से 50 हजार 930 क्विंटल, साहा मंडी से 2 लाख 88 हजार क्विंटल, मुलाना मंडी से 2 लाख 12 हजार क्विंटल और बराड़ा मंडी से 2 लाख 12 हजार 300 क्विंटल धान खरीदा गया है।
इसके अलावा, तलहरहेड़ी मंडी से 81 हजार 170 क्विंटल, केसरी मंडी से 46 हजार 650 क्विंटल, उगाला मंडी से 2 लाख 70 हजार क्विंटल, सरदाहेड़ी मंडी से 32 हजार 290 क्विंटल, भरेड़ीकलां से 71 हजार 890 क्विंटल, नारायणगढ़ मंडी से 3 लाख 39 हजार 510 क्विंटल, शहजादपुर मंडी से 1 लाख 48 हजार 550 क्विंटल, कड़ासन मंडी से 1 लाख 12 हजार क्विंटल और बेरखेडी मंडी से 57 हजार 520 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है।