Inkhabar Haryana, Shyam Singh Rana on fake fertilizers: हरियाणा सरकार ने राज्य में यूरिया और डीएपी खाद की अवैध बिक्री को लेकर बड़ा कदम उठाया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने चेतावनी दी है कि अगर कोई लाइसेंसधारी दुकानदार इन खादों की अवैध रूप से बिक्री करते हुए पाया गया, तो उसका लाइसेंस रद्द किया जाएगा और नियमानुसार FIR भी दर्ज की जाएगी। यह चेतावनी कृषि मंत्री ने सोमवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के कृषि अधिकारियों से संवाद के दौरान दी। बैठक में उन्होंने राज्य में यूरिया और डीएपी की स्थिति की समीक्षा की और जिलावार डीडीए से फीडबैक लिया।
खाद की स्थिति की जिलावार समीक्षा
बैठक के दौरान श्याम सिंह राणा ने सभी जिलों के कृषि अधिकारियों से सीधे बात की और पूछा कि किस जिले में खाद की क्या स्थिति है, स्टॉक कितना है और किसानों को आपूर्ति कैसी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि पैक्स (सहकारी समितियों) के अलावा जो निजी दुकानदार खाद बेच रहे हैं, उनकी नियमित जांच की जाए। उन्होंने कहा कि इन दुकानों के स्टॉक और बिक्री रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जाए और अगर कहीं भी अनियमितता या कालाबाजारी का मामला सामने आता है तो तत्काल कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
अधिकारियों और दुकानदारों दोनों के लिए सख्त रुख
श्याम सिंह राणा ने केवल निजी विक्रेताओं को ही नहीं, बल्कि अपने ही विभाग के अधिकारियों को भी आगाह किया। उन्होंने कहा कि अगर किसी अधिकारी की संलिप्तता खाद की अवैध बिक्री में पाई जाती है, तो उस पर भी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कुछ उद्योगों द्वारा अवैध रूप से यूरिया बेचने की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए, तुरंत जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
राज्य में खाद की कोई कमी नहीं- कृषि मंत्री
कृषि मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे खाद की कथित कमी को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में यूरिया और डीएपी की कोई कमी नहीं है, बल्कि समय से हुई बारिश और किसानों द्वारा जल्दी बुवाई शुरू करने के चलते डिमांड में अस्थायी तेजी आई है।
किसानों से की ये खास अपील
श्याम सिंह राणा ने किसानों से अपील की कि वे रबी सीजन के लिए अभी से खाद का स्टॉक न करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब भी खाद की जरूरत होगी, सरकार उसे उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 1.30 लाख मीट्रिक टन अधिक खाद का वितरण किया गया है, जिससे यह स्पष्ट है कि सरकार किसानों की जरूरतों के प्रति पूरी तरह सतर्क है।
अंत में, कृषि मंत्री ने दोहराया कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में नकली खाद, कीटनाशक और बीज की बिक्री किसी भी सूरत में नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सतर्कता बरतने और किसानों को सही समय पर सही मात्रा में खाद मुहैया कराने के लिए निर्देशित किया।