




सिरसा जिले में इस वर्ष 2 लाख 88 हजार हेक्टेयर में गेहूं और 75 हजार हेक्टेयर में सरसों की बुवाई की गई है। पिछले दिनों हो रही बारिश से इन फसलों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से सूखे और पाले की समस्या से जूझ रहे किसानों को अब इस बारिश और कोहरे के चलते राहत महसूस हो रही है। कृषि वैज्ञानिकों और किसानों का मानना है कि इस मौसम से न केवल फसल की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि उत्पादन में भी वृद्धि होगी।
कृषि विभाग के उपनिदेशक सुखदेव सिंह ने बताया कि सिरसा जिले में हुई बारिश से गेहूं, सरसों और चने की फसलों को फायदा मिलेगा। उन्होंने बताया कि बारिश और कोहरे से मिट्टी की नमी में सुधार हुआ है, जिससे फसलों को पर्याप्त पोषण मिल सकेगा। आने वाले दिनों में कोहरे के जारी रहने की संभावना भी है, जो फसलों के लिए सकारात्मक साबित होगी।
इस प्राकृतिक संजीवनी से किसानों का उत्साह बढ़ा है। लंबे समय से मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना कर रहे किसानों को अब बेहतर फसल उत्पादन की उम्मीद है। किसान रामनिवास ने बताया कि इस बारिश ने उनकी फसल को जीवनदान दिया है। वहीं, कृषि वैज्ञानिकों का मानना है कि गेहूं, सरसों और चने की फसल को इस मौसम का सही लाभ मिलेगा।




