Advertisement
Advertisement
होम / Gold Price Today: भारत में पहली बार सोना बना लखपति, जानिए क्या है वजह और आगे का अनुमान

Gold Price Today: भारत में पहली बार सोना बना लखपति, जानिए क्या है वजह और आगे का अनुमान

BY: • LAST UPDATED : April 22, 2025
Inkhabar Haryana, Gold Price Today: भारतीय बाजार में मंगलवार का दिन इतिहास में दर्ज हो गया, जब 24 कैरेट सोने की कीमत ने पहली बार 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का आंकड़ा पार कर लिया। शादी-विवाह के इस सीजन में सोने की बढ़ती कीमतों ने जहां निवेशकों को मुनाफा कमाने का मौका दिया, वहीं आम खरीदारों की जेब पर भारी बोझ डाल दिया है।

सोने की कीमतों में रिकॉर्ड तोड़ तेजी

सोमवार शाम के फिजिकल मार्केट में 24 कैरेट (999) सोने की कीमत 97,200 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई थी। इस पर 3% वस्तु एवं सेवा कर (GST) जोड़ने के बाद अंतिम कीमत 1,00,116 रुपये पहुंच गई। वहीं, मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर जून वायदा की कीमत 99,178 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई, जो कि पिछले बंद भाव से करीब 1,900 रुपये ज्यादा थी।

किन वजहों ने पहुंचाया सोने को इस ऊंचाई तक?

धीरसन ज्वैलर्स के मालिक धीरज धीर ने बातचीत में बताया कि अमेरिकी नीतियों में बदलाव, खासकर ट्रंप टैरिफ, डॉलर में गिरावट और वैश्विक आर्थिक मंदी की आशंकाओं ने सोने को एक सुरक्षित निवेश विकल्प बना दिया है। उन्होंने कहा कि लोग शेयर बाजार की अस्थिरता से डरकर सोने में निवेश कर रहे हैं। इसका असर सीधे-सीधे कीमतों पर पड़ा है।

Advertisement

क्या आगे और महंगा होगा सोना?

धीरज धीर का मानना है कि यह रफ्तार अभी थमने वाली नहीं है। उन्होंने संभावना जताई कि अगर वैश्विक हालात ऐसे ही बने रहे, तो 2026 तक सोने की कीमतें 1,25,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार जा सकती हैं।

खरीदारों की बढ़ती परेशानी

इस ऐतिहासिक मूल्य वृद्धि ने आम लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। कई खरीदारों ने बताया कि सोने की खरीद अब उनके बजट के बाहर हो चुकी है। एक महिला ने कहा कि बेटी की शादी के लिए सोना खरीदना था, लेकिन अब तो हर चीज़ की कीमत डबल हो गई है। एक अन्य ग्राहक ने कहा कि हर बार सोने की कीमत बढ़ती है, लेकिन इस बार जिस तेजी से बढ़ी है, उसने आम आदमी को चौंका दिया है।”

क्या अब भी खरीदना चाहिए सोना?

धीरज धीर के अनुसार कि जब भी सोना नई ऊंचाइयों पर पहुंचता है, उसमें कुछ समय बाद स्थिरता आती है। ऐसे में यह निवेश का अच्छा समय भी हो सकता है, खासकर दीर्घकालिक निवेशकों के लिए।