Inkhabar Haryana, Ambala News: हरियाणा के अंबाला छावनी में बीते दो दिनों से लगातार चर्चाओं में बना एक जुआ कांड अब नगर परिषद की सख्ती तक जा पहुंचा है। पहले दिन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जुआ खेलते हुए 21 लोगों को गिरफ्तार किया और अब नगर परिषद ने उसी बिल्डिंग को सील कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
बीते रोज अंबाला पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नेशनल हाईवे पर स्थित रॉयल मीट शॉप के पिछले हिस्से में जुआ खेला जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने मौके पर रेड की और वहां मौजूद 21 जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने ताश की गड्डियां, स्टाइगर, मोबाइल फोन और ₹2,36,000 नकद बरामद किया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
नगर परिषद की एंट्री
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरी जानकारी नगर परिषद को दी। पुलिस की शिकायत के आधार पर आज नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची। नगर परिषद के ईओ देवेंद्र नरवाल के नेतृत्व में बनाई गई टीम ने संबंधित बिल्डिंग को सील कर दिया। नगर परिषद के ईओ देवेंद्र नरवाल ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि जिस जगह पर पुलिस ने जुआरियों को पकड़ा था, वह नगर परिषद की ही संपत्ति है, जिसे लीज पर दिया गया था। फिलहाल इस बिल्डिंग को सील कर दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
जांच का अगला चरण
अब पुलिस और नगर परिषद दोनों यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह बिल्डिंग किसके नाम पर है और लीज किसके पास थी। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही बिल्डिंग और लीजधारक से संबंधित जानकारी पूरी तरह सामने आएगी, आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।