Inkhabar Haryana, Bhiwani murder case: हरियाणा के भिवानी जिले के लोहारू उपमंडल में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सिंघानी गांव की नहर के पास खेतों में एक 19 वर्षीय युवती का शव मिला, जिसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। मृतका की पहचान मनीषा के रूप में हुई, जो गांव ढाणी लक्ष्मण की रहने वाली थी और सिंघानी के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी।
दो दिन से थी लापता
मनीषा 11 अगस्त की शाम से ही घर से लापता थी। पिता संजय, जो लोहारू में निजी नौकरी करते हैं, को उसी दिन शाम घर से फोन आया कि मनीषा घर नहीं लौटी है। यह खबर सुनते ही वह तुरंत 7 बजे वाली बस से सिंघानी गांव पहुंचे और पुलिस को डायल 112 पर मामले की सूचना दी।
घटनास्थल पर सनसनी
बुधवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने नहर किनारे खेतों में एक युवती का शव पड़ा देखा। शव की हालत बेहद भयावह थी गर्दन कटी हुई थी और खून से लथपथ कपड़े आसपास बिखरे थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर DSP संजीव कुमार और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने शव की पहचान प्रक्रिया शुरू की तो पता चला कि मृतका मनीषा है। परिजनों को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान कर ली। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल था।
संदिग्ध परिस्थितियां और कॉलेज का एंगल
पिता संजय ने पुलिस को बताया कि बेटी की तलाश के दौरान वे गांव के एक नर्सिंग कॉलेज में पहुंचे थे, जहां तीन लोग मौजूद थे और उन्होंने शराब पी रखी थी। जब संजय ने पूछा कि क्या मनीषा यहां आई थी, तो उन्होंने जवाब दिया नहीं, हमारा तो कॉलेज एक बजे से बंद हो जाता है।
पुलिस की जांच
हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस कई पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरी नाराज़गी और दहशत है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सज़ा की मांग की है।