Inkhabar Haryana, Cattle Theft case in Haryana: हरियाणा के नूंह जिले के नंगला जमालगढ़ गांव में बीती रात मवेशी चोरी की एक बड़ी वारदात नाकाम हो गई, जब सतर्क ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए तीन चोरों को रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने न सिर्फ चोरों का पीछा किया, बल्कि उन्हें पकड़कर पिटाई कर दी और सिर के बाल भी काट डाले। यह पूरी घटना गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या हैं पूरा मामला?
रात के अंधेरे में कुछ अज्ञात चोर पिकअप वाहन के जरिए गांव से मवेशी चुराकर फरार हो रहे थे। घटना की भनक लगते ही ग्रामीण तुरंत सक्रिय हो गए और चोरों का पीछा शुरू कर दिया। जंगल की ओर भागते चोरों ने पीछा करते लोगों को देखकर एक गाय को खेत में छोड़ दिया और खुद को बचाने के लिए अवैध हथियारों से फायरिंग करते हुए भाग निकले।
कुछ दूरी पर ग्रामीणों को एक अन्य पिकअप गाड़ी दिखाई दी जिसमें तीन संदिग्ध युवक सवार थे। ग्रामीणों ने जब उनसे पूछताछ की तो वे घबरा गए और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने कबूल किया कि वे ही चोरी करने आए थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके चार अन्य साथी मौके से फरार हो चुके हैं।
भीड़ ने गुस्से में जमकर पीटा
गुस्साए ग्रामीणों ने तीनों चोरों की जमकर पिटाई कर दी और सजा के तौर पर उनके सिर के बाल भी काट दिए। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ग्रामीण द्वारा बना लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद ग्रामीण पकड़े गए तीनों आरोपियों और उनके पिकअप वाहन को पुन्हाना थाना लेकर पहुंचे और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर तीनों चोरों को हिरासत में ले लिया है। वहीं फरार चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
नशे और अवैध बूचड़खानों को ठहराया जिम्मेदार
इस घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार मवेशी चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसकी दो प्रमुख वजहें हैं – युवाओं में बढ़ती नशे की लत और क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध बूचड़खाने। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चोरी के तुरंत बाद मवेशियों को बूचड़खाने में काट दिया जाता है, जिससे उनका कोई सुराग नहीं मिल पाता।
पुलिस पर भरोसा लेकिन सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने पुन्हाना पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भागे हुए चारों चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय अवैध बूचड़खानों को बंद कराने की भी पुरजोर मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि तीनों आरोपी हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है। FIR दर्ज कर ली गई है और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। अवैध हथियारों के इस्तेमाल और फायरिंग की घटना को भी जांच में शामिल किया गया है।