क्या हैं पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित मुकेश कुमार जो पानीपत की दीनानाथ कॉलोनी का निवासी है, ने साइबर थाने में दी शिकायत में बताया कि उसे कुछ समय पहले फेसबुक पर “अदिति शर्मा” नामक एक महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट प्राप्त हुई थी। उसने यह रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। कुछ ही दिनों में अदिति ने अपना व्हाट्सएप नंबर साझा किया और वहीं से ठगी की कहानी ने आकार लेना शुरू किया। महिला ने खुद को निवेश से जुड़ा हुआ बताया और मुकेश को 40% मासिक मुनाफे का लालच देकर पैसा निवेश करने को कहा।
लालच में आया विश्वास
मुकेश ने शुरुआत में 24 फरवरी को 15,000 और 4,999 रुपए महिला द्वारा बताए गए खाते में भेजे। हैरानी की बात ये थी कि 26 फरवरी को उसके खाते में 4,950 रुपए वापस भी आ गए, जिससे उसे यकीन हो गया कि महिला सच बोल रही है। यही उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई। इसके बाद उसने न केवल अपने खाते से, बल्कि दोस्तों और परिजनों के खातों से भी 24 फरवरी से 31 मई के बीच अलग-अलग किश्तों में 1 करोड़ 16 लाख 700 रुपए महिला को भेज दिए।
न मुनाफा मिला न पैसे लौटे
31 मई के बाद महिला से संपर्क पूरी तरह टूट गया। न ही कोई कॉल का जवाब आया और न ही व्हाट्सएप पर कोई प्रतिक्रिया मिली। धीरे-धीरे मुकेश को समझ आया कि वह किसी बड़े फ्रॉड का शिकार हो चुका है। अंततः उसने साइबर थाना पानीपत में जाकर शिकायत दर्ज करवाई। साइबर थाना प्रभारी अजय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी को जल्द ट्रैक कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों को सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से बातचीत और निवेश संबंधी प्रस्तावों से सतर्क रहने की सलाह दी है।