




Cylinder Burst: हरियाणा के सोनीपत के सेक्टर-14 में गुरुवार को एक भयानक आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें तीन दुकानों को भारी नुकसान हुआ। आग की शुरुआत सेक्टर-15 निवासी अरुण की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान से हुई और धीरे-धीरे इसने आसपास की दो और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इन दुकानों में अभिनव की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान और ब्रिस्टो-57 नामक एक रेस्टोरेंट शामिल थे।
इस हादसे के दौरान ब्रिस्टो-57 में रखा एक गैस सिलिंडर फट गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई और स्थिति गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों में इस घटना के कारण हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। आग इतनी भयंकर थी कि फायर ब्रिगेड की टीम को काफी मेहनत करनी पड़ी, लेकिन उन्होंने आखिरकार आग पर काबू पा लिया।
घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। मौके पर सोनीपत के विधायक निखिल मदान और जिला व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय सिंगला भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है, खासकर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। रेस्टोरेंट में भी काफी नुकसान हुआ है, लेकिन आग लगने के सही कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। आग के कारणों की जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




