Advertisement
Advertisement
होम / Daylight robbery in Samalkha: समालखा में चोरों का आंतक, दिन-दिहाड़े चोरी की वारदातें, पुलिस अब तक खाली हाथ

Daylight robbery in Samalkha: समालखा में चोरों का आंतक, दिन-दिहाड़े चोरी की वारदातें, पुलिस अब तक खाली हाथ

BY: • LAST UPDATED : August 4, 2025
Inkhabar Haryana, Daylight robbery in Samalkha: हरियाणा के समालखा शहर में इन दिनों चोरी की वारदातों ने लोगों की नींद उड़ा रखी है। हालात ये हैं कि चोर अब दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं और पुलिस अभी भी आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। वारदातें न केवल आम लोगों के बीच डर का माहौल पैदा कर रही हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज यह बताने के लिए काफी हैं कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं।

वार्ड 17 में डेयरी संचालक की दुकान से चोरी

शहर के वार्ड नंबर 17, रेलवे फाटक के पास दूध की डेयरी चलाने वाले प्रवीण ने जानकारी दी कि 29 जुलाई की रात करीब 9:22 बजे एक अज्ञात युवक उसकी दुकान में घुसा और गल्ला उठाकर फरार हो गया। गल्ले में करीब ₹10,000 की नकदी और कुछ जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। प्रवीण ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर इसकी सूचना दी, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दूसरे दुकानदार की दुकान से ₹25,000 नकद गायब

इस घटना के महज कुछ दिन बाद 3 अगस्त, रविवार की सुबह एक और चोरी की वारदात सामने आई। स्थानीय दुकानदार बुधराम ने बताया कि सुबह 7:30 बजे के करीब जब वह अपनी दुकान के अंदर काम कर रहे थे, तभी एक अज्ञात युवक दुकान में घुस आया और गल्ले से ₹25,000 नकद चुरा ले गया। यह पूरी घटना भी सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। बुधराम जब लिखित शिकायत दर्ज कराने पुलिस चौकी पहुंचे, तो उन्हें करीब दो घंटे बाद आने को कहकर लौटा दिया गया।

Advertisement

पुलिस का दावा

इस मामले में चौकी इंचार्ज जितेंद्र आतील का कहना है कि चोरी की लिखित शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामला दर्ज कर लिया गया है। उनके अनुसार, आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस पर सवाल

लगातार हो रही चोरियों और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि जब दिनदहाड़े दुकान से पैसा उठा लिया जाता है और सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, फिर भी पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम क्यों है? पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि अगर यही हालात रहे तो व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस करेगा और व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा।