Advertisement
Advertisement
होम / Faridabad crime news: OYO होटल में अपनी प्रेमिका की हत्या कर फरार हुआ था आरोपी, जानें कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

Faridabad crime news: OYO होटल में अपनी प्रेमिका की हत्या कर फरार हुआ था आरोपी, जानें कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

BY: • LAST UPDATED : July 28, 2025
Inkhabar Haryana, Faridabad crime news: हरियाणा के फरीदाबाद के आईपी कॉलोनी स्थित एक ओयो होटल में बीते गुरुवार रात हुई एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी दीपक को क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़कर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, जिसमें कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

क्या हैं पूरा मामला?

मृतका की पहचान दिल्ली के बदरपुर स्थित मोहन बाबा नगर निवासी 33 वर्षीय शीबा के रूप में हुई थी। शीबा एक निजी बैंक में इंश्योरेंस एडवाइजर के तौर पर कार्यरत थीं और नीलम-बाटा रोड पर स्थित ऑफिस में अपनी सेवाएं दे रही थीं। वह तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थीं और अविवाहित थीं। शीबा के पिता का निधन करीब 20 वर्ष पहले हो चुका था, और अपने परिवार की जिम्मेदारी को समझते हुए उन्होंने विवाह नहीं किया था। मां रजिया के साथ रहकर नौकरी के माध्यम से घर का खर्च चलाती थीं।

घटना 25 जुलाई, गुरुवार की रात की है जब शीबा अपने घर से ऑफिस जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन शुक्रवार सुबह उनका शव आईपी कॉलोनी स्थित एक होटल के कमरे से बरामद हुआ। इस सनसनीखेज मामले की जानकारी मिलते ही सेक्टर-31 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।

Advertisement

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी

जांच के दौरान पुलिस को शक शीबा की गली में रहने वाले युवक दीपक पर गया, जो कि उसी मोहल्ले में अपने परिवार के साथ रहता है। मृतका की मां रजिया ने भी अपनी शिकायत में दीपक पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उसी ने उनकी बेटी को होटल में ले जाकर उसकी हत्या की है।

शुरुआत में दीपक फरार था, लेकिन लगातार प्रयासों और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के आधार पर क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने आखिरकार उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, जिसमें हत्या के पीछे की वजह, वारदात की योजना और अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

परिजनों का दर्द और आक्रोश

मृतका के मामा रियाजुद्दीन ने बताया कि गुरुवार की सुबह शीबा रोज की तरह ऑफिस के लिए निकली थीं। उन्हें भनक तक नहीं थी कि उनकी भांजी कभी लौटकर वापस नहीं आएगी। परिजन इस हृदयविदारक घटना से सदमे में हैं और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड्स और कॉल डिटेल्स को खंगाला जा रहा है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के बाद और भी कई पहलुओं से पर्दा उठ सकता है।