Advertisement
Advertisement
होम / Faridabad Cyber Crime: गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च करना पड़ा भारी! खाते से उड़े लाखों रुपए, जानें पूरा मामला

Faridabad Cyber Crime: गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च करना पड़ा भारी! खाते से उड़े लाखों रुपए, जानें पूरा मामला

BY: • LAST UPDATED : January 14, 2025
Inkhabar Haryana, Faridabad Cyber Crime: हरियाणा के फरीदाबाद में एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। दरअसल दयालपुर के रहने वाले एक युवक के साथ 3.97 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। यह मामला फरीदाबाद के दयालपुर निवासी हेमेंद्र के साथ हुआ, जब उनके छोटे भाई ने गलती से जियो का गलत रिचार्ज कर दिया और रिफंड पाने के लिए गूगल पर जियो कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, यह घटना 12 दिसंबर की है, जब हेमेंद्र के छोटे भाई ने गलती से 123/-  का रिचार्ज पिता के मोबाइल नंबर पर कर दिया। रिफंड पाने के लिए उन्होंने गूगल पर जियो कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। गूगल पर मिले नंबर पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को जियो कस्टमर केयर का कर्मचारी बताया। उसने हेमेंद्र को “माई जियो ऐप” डाउनलोड करने और उसमें दिए गए “रिफंड माई मनी” विकल्प चुनने का निर्देश दिया।

इसके बाद, आरोपी ने हेमेंद्र से उनके बैंक डिटेल्स भरने को कहा। जैसे ही उन्होंने निर्देशों का पालन किया, उनके खाते से दो बार 48,000/-  और तीन बार में 1 लाख रुपये निकाले गए। ट्रांजेक्शन बैंक स्टेटमेंट में “अमेजोन शॉपिंग” के नाम पर दर्ज थे, जबकि पीड़ित ने कोई खरीदारी नहीं की थी।

बैंक खाता करवाया बंद

जब हेमेंद्र ने अगले दिन बैंक स्टेटमेंट निकाला, तो उनके खाते से 3.97 लाख रुपये गायब होने का पता चला। उन्होंने तुरंत बैंक जाकर खाता बंद करवाया और बल्लभगढ़ साइबर थाने में मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

क्या सीखा जा सकता है?

यह घटना उन लोगों के लिए एक चेतावनी है जो गूगल या अन्य इंटरनेट माध्यमों से कस्टमर केयर नंबर सर्च करते हैं। साइबर अपराधी फर्जी नंबर डालकर लोगों को जाल में फंसाने का काम करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, कस्टमर केयर का नंबर केवल कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से ही लेना चाहिए।

पुलिस और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की सलाह

  • आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें: किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर ढूंढने के लिए हमेशा उसकी आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करें।
  •  बैंक डिटेल्स साझा न करें: फोन कॉल या किसी अनजान ऐप के माध्यम से अपनी बैंक डिटेल्स कभी साझा न करें।
  •  सतर्क रहें: अगर कोई कॉलर आपको ऐप डाउनलोड करने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने को कहे, तो सतर्क हो जाएं।