Inkhabar Haryana, Fatehabad Crime News: हरियाणा के फतेहाबाद जिले में पुलिस महकमे की छवि को झकझोर देने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड जवानों ने रात को टहलने निकली एक सास-बहू से छेड़छाड़ की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने दोनों जवानों को मौके पर ही पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है।
क्या हैं पूरा मामला?
यह घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। एक मोहल्ले में खाना खाने के बाद टहलने निकलीं एक महिला और उसकी बहू को दो युवक बाइक पर सवार होकर लगातार पीछा करने लगे। पहले तो महिलाओं ने अनदेखा किया, लेकिन जैसे ही बाइक सवारों ने अशोभनीय हरकतें और छेड़छाड़ शुरू की, सास-बहू ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिलाओं की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत बाहर निकल आए और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। भीड़ के सामने दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें घेरकर रोक लिया और मौके पर ही उनसे पूछताछ शुरू कर दी।
भीड़ का आरोप है कि दोनों आरोपी न केवल पुलिसकर्मी (होमगार्ड) हैं, बल्कि घटना के समय ड्यूटी पर थे और शराब के नशे में धुत थे। पूछताछ में दोनों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान किसी ने उनकी वीडियो बना ली, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
परिवार ने की शिकायत
पीड़ित महिलाओं के परिजनों ने तुरंत स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। मामला संजीदा होने के चलते फतेहाबाद के एसपी सिद्धांत जैन ने बयान जारी किया कि आरोपियों की पहचान होमगार्ड जवानों के रूप में हुई है, जो नाइट ड्यूटी पर तैनात थे।
उन्होंने आगे बताया कि इस पूरे मामले की जांच डीएसपी रैंक के अधिकारी से करवाई जा रही है और आरोपियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
सोशल मीडिया पर मामला गरमाया
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। आम जनता का सवाल है कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो महिलाएं खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करें? विभाग की कार्यशैली और शराब पीकर ड्यूटी करने वालों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।