Inkhabar Haryana, Financer Harassment in Mahendragarh: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में एक फाइनेंसर द्वारा 15 हजार रुपये का कर्ज देकर बदले में 3 लाख रुपये की मांग का मामला सामने आया है। इस वसूली दबाव की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उधार लेने वाला युवक दावा कर रहा है कि वह पहले ही 22 हजार रुपये चुका चुका है। जवाब में फाइनेंसर बेखौफ कहता है कि हमारा तो ब्याज इतना ही लगता है।
क्या हैं पूरा मामला?
गांव कुकसी निवासी दीपक ने बताया कि वर्ष 2023 में एक कोर्ट केस में वकील की फीस भरने के लिए उसे 15 हजार रुपये की जरूरत थी। उसने बस स्टैंड के पास स्थित ‘श्रीराम फाइनेंसर’ के विकास से यह रकम उधार ली। विकास ने ऋण के एवज में दीपक से एक ब्लैंक चेक लिया।
दीपक के अनुसार, उसने मूलधन के साथ 7 हजार रुपये ब्याज भी चुका दिए, यानी कुल 22 हजार रुपये लौटा दिए। लेकिन जब उसने ब्लैंक चेक वापस मांगा, तो विकास ने उसे लौटाने से इनकार कर दिया और इसके बदले 3 लाख रुपये की मांग कर दी।
कोर्ट में लगाया 3 लाख का चेक
दीपक का कहना है कि जब उसने अतिरिक्त रकम देने से मना किया, तो फाइनेंसर ने उसके दिए ब्लैंक चेक को 3 लाख रुपये की राशि के साथ कोर्ट में प्रस्तुत कर दिया। इसके बाद लगातार धमकी और दबाव डाला जाने लगा। समझौते के लिए दीपक फाइनेंसर के पास गया, जहां उसके साथ मध्यस्थ भी मौजूद था। इसी दौरान किसी ने चोरी-छिपे पूरी बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में मध्यस्थ पूछता है कि तीस हजार रुपये लिए थे, तूने सीधे तीन लाख का लगा दिया।
जिस पर सामने वाला व्यक्ति जवाब देता है कि मैं तो भाई ऐसे ही लगाता हूं, ब्याज ही ऐसा ही बनता है। बातचीत के दौरान अंत में फाइनेंसर पक्ष यह प्रस्ताव रखता है कि अगर दीपक 30 हजार रुपये और 6 हजार वकील फीस चुका दे, तो केस वापस ले लिया जाएगा।
फाइनेंसर का बचाव और पुलिस की स्थिति
जब इस मामले में फाइनेंसर विकास से संपर्क किया गया, तो उसने कहा कि यह काम उसका भाई करता है और फिलहाल उसे मामले की जानकारी नहीं है। वहीं, नारनौल शहर थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि उनके पास इस तरह की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है और न ही कोई वीडियो उनके संज्ञान में आया है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पिछले मामलों का साया
महेंद्रगढ़ जिले में फाइनेंसरों की दबंगई और कर्ज वसूली के दबाव के कारण आत्महत्या के कई मामले सामने आ चुके हैं। इसी साल जुलाई में नारनौल के मोहल्ला महल निवासी अमन (24) ने फाइनेंसरों से तंग आकर सुसाइड किया था और अपने सुसाइड नोट में 7 लोगों के नाम लिखे थे। पुलिस अभी उस मामले की जांच कर रही है।