




घटना सोमवार रात की है, जब उग्रसेन अपने ड्राइवर सुशील कुमार के साथ अपनी गाड़ी में सवार होकर गांव एमपी रोही से फतेहाबाद शहर की ओर लौट रहे थे। रात के सन्नाटे में जैसे ही उनकी गाड़ी झलनिया-एमपी रोही रोड पर स्थित बोलू वाली डिग्गी के पास पहुंची, वैसे ही दो गाड़ियों में सवार चार से पांच अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रास्ता रोककर घेर लिया।
हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी को आगे से रोक लिया और फिर अचानक डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने शीशे तोड़ने की कोशिश की और गाड़ी को काफी क्षति पहुंचाई। हालांकि, उग्रसेन और ड्राइवर दोनों किसी तरह वहां से बच निकले और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार के अनुसार, इस हमले को गंभीरता से लिया गया है और मामले में नियमानुसार अभियोग दर्ज कर लिया गया है।
एसपी कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं जो डीएसपी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी हुई हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सूत्रों की मानें तो यह हमला चुनावी रंजिश के चलते किया गया है। उग्रसेन का गांव एमपी रोही में पैतृक निवास है, जहां वे रोजाना सुबह जाते हैं और शाम को फतेहाबाद लौटते हैं। ऐसे में उनकी गतिविधियों की जानकारी हमलावरों को पहले से थी, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि यह हमला पूर्वनियोजित था।




