Advertisement
Advertisement
होम / Fraud in Indri Jewelry Shop: हरियाणा के इस जिले में ठग का तगड़ा खेल! ज्वैलरी शॉप से फर्जी ऑनलाइन पेमेंट कर उड़ाए लाखों

Fraud in Indri Jewelry Shop: हरियाणा के इस जिले में ठग का तगड़ा खेल! ज्वैलरी शॉप से फर्जी ऑनलाइन पेमेंट कर उड़ाए लाखों

BY: • LAST UPDATED : August 13, 2025
Inkhabar Haryana, Fraud in Indri Jewelry Shop: हरियाणा के इंद्री कस्बे में एक शातिर ठग ने हाईटेक तरीके से ज्वैलरी शॉप को अपना निशाना बनाते हुए 1.90 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। आरोपी ने खुद को नामी चावल व्यापारी बताकर ज्वैलर को झांसे में लिया और फर्जी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन दिखाकर लाखों की ज्वैलरी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की कार को रात में ही जब्त कर लिया है, हालांकि आरोपी अभी फरार है।

व्यापारी बना ठगी का शिकार

जानकारी के अनुसार, केबीएस ज्वैलर्स के मालिक ऋषभ कपूर ने बताया कि सोमवार शाम करीब 5:15 बजे एक युवक उनकी दुकान पर आया। युवक ने खुद को हिमांशु अरोड़ा नाम का एक सफल चावल व्यापारी बताया, जो ‘महारानी’ ब्रांड से चावल बेचता है। उसने दावा किया कि वह सेतिया राइस मिल का मालिक है और उसका बड़ा कारोबार है।

युवक ने बताया कि उसकी बहन को 6 साल बाद पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है और वह उसे तोहफे में सोने की चैन और अंगूठी देना चाहता है। उसने दुकान से एक चैन और एक अंगूठी पसंद की, जिसकी कुल कीमत 1.90 लाख रुपये थी।

Advertisement

फर्जी पेमेंट का जाल और रिलेशन बनाने की चाल

शातिर ठग ने दुकान मालिक को विश्वास में लेने के लिए व्यक्तिगत बातें कीं और रिश्तेदारी निकालने की कोशिश की। उसने कहा कि वह तुरंत एनईएफटी के माध्यम से पेमेंट कर रहा है और कुछ ही देर में पैसे उनके खाते में आ जाएंगे।

विश्वास में आकर ऋषभ कपूर ने ज्वैलरी उसे सौंप दी। थोड़ी देर बाद जब पेमेंट नहीं आया और ठग का मोबाइल नंबर भी व्हाट्सऐप से गायब हो गया, तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत स्थानीय थाना प्रभारी (एसएचओ) को इसकी सूचना दी।

पुलिस ने रात में गाड़ी पकड़ी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाई और आरोपी की गाड़ी को देर रात ही काबू कर लिया। जांच में सामने आया कि यह गाड़ी चंडीगढ़ नंबर की थी और किराये पर ली गई थी। आरोपी ने बड़ी चालाकी से गाड़ी रेंट पर लेकर वारदात को अंजाम दिया।

इंद्री थाना में जांच अधिकारी लखबीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। हमने गाड़ी को जब्त कर लिया है, जो किराये की थी। आरोपी की पहचान हो चुकी है और वह पेहवा का रहने वाला अभिषेक नामक युवक है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।