Advertisement
Advertisement
होम / Girl death in Hisar: हरियाणा में युवती की संदिग्ध मौत पर बवाल, अस्पताल में तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों की गाड़ी पर भी किया हमला

Girl death in Hisar: हरियाणा में युवती की संदिग्ध मौत पर बवाल, अस्पताल में तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों की गाड़ी पर भी किया हमला

BY: • LAST UPDATED : July 31, 2025

Inkhabar Haryana, Girl death in Hisar: हरियाणा के हिसार जिले में बुधवार को एक निजी अस्पताल में भर्ती युवती की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। मृतका के परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया, तोड़फोड़ की और पुलिस की गाड़ी पर हमला कर दिया। इस दौरान भीड़ ने न केवल पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, बल्कि दिल्ली रोड को भी जाम कर दिया। पुलिस ने हालात को काबू में लाने के लिए सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा।

क्या हैं पूरा मामला?

पूरा मामला 24 जुलाई को शुरू हुआ, जब हिसार पुलिस की पड़ाव चौकी टीम ने विकास नगर क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान नांगलोई, दिल्ली निवासी राजा नाम के युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 5.08 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपी को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में राजा ने बताया कि उसने यह नशीला पदार्थ हिसार के अंबेडकर बस्ती की रहने वाली एक महिला पूनम से 12 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस ने राजा को साथ लेकर पूनम की गिरफ्तारी के लिए रेड की योजना बनाई।

Advertisement

रेड के दौरान संदिग्ध परिस्थिति में युवती की तबीयत बिगड़ी

पुलिस की टीम जब अंबेडकर बस्ती में रेड के लिए पहुंची, तब आरोपी राजा ने एक महिला की ओर इशारा कर बताया कि वही पूनम है। पुलिस को देखकर उस महिला ने अपने हाथ में ली हुई कोई वस्तु निगल ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के अनुसार, महिला की हालत तुरंत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजनों ने लगाए ये गंभीर आरोप

इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। जब पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने लगी, तब परिजन उग्र हो गए। भीड़ ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया, उसके शीशे तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक ASI समेत दो पुलिस कर्मचारी घायल हो गए।

हंगामा यहीं नहीं रुका। मृतका के परिजनों ने अस्पताल में भी जमकर बवाल किया। ICU का गेट तोड़ा, शीशे फोड़े और पत्थरबाजी की। जब पुलिस हालात नियंत्रित करने पहुंची, तो उन पर भी हमला कर दिया गया। इसके बाद भीड़ सिविल अस्पताल तक पहुंच गई और वहीं भी प्रदर्शन करने लगी। गुस्साई भीड़ ने दिल्ली रोड को भी जाम कर दिया, जिससे यातायात कई घंटों तक बाधित रहा।

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद हिसार पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज कर भीड़ को वहां से खदेड़ा और सड़क को खाली कराया। पुलिस का कहना है कि युवती की मौत ड्रग ओवरडोज के कारण हुई है, जबकि परिजनों का आरोप है कि युवती की जान जहरीली वस्तु निगलने से गई।

हालात को देखते हुए अस्पताल परिसर, सिविल अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले में दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।