Inkhabar Haryana, Gold Loan Scam in Panipat: हरियाणा के पानीपत में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे गए गहनों के नकली निकलने से हड़कंप मच गया। शहर के जीटी रोड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन ब्रांच में दो ग्राहकों द्वारा छुड़ाए गए कुल 25 तोले गहनों की जांच में वे पीतल के निकले। यह खुलासा होते ही बैंक में भारी हंगामा हो गया और दर्जनों की संख्या में ग्राहक जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और बैंक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
क्या हैं पूरा मामला?
घटना की शुरुआत गांव शिमला मौलाना निवासी परमजीत द्वारा की गई शिकायत से हुई। परमजीत ने बताया कि वर्ष 2024 में उसने मणप्पुरम फाइनेंस में करीब साढ़े 35 तोले सोना गिरवी रखकर लोन लिया था। बीते शनिवार, 19 जुलाई को उसने लोन की किश्त चुकता करके 19 तोले सोना छुड़ाया। शक होने पर उसने गांव के सुनार से गहनों की जांच कराई तो वह पीतल के निकले। इसके बाद से ही परमजीत बैंक में चक्कर काटता रहा लेकिन उसे जांच का आश्वासन देकर टाल दिया गया।
सोमवार से बुधवार तक लगातार बैंक से जांच की गुहार लगाता परमजीत जब थक गया, तो गुरुवार को वह अपने एक ग्रामीण साथी के साथ दोबारा बैंक पहुंचा। इस बार उसका साथी, जिसने नवंबर 2023 में करीब नौ तोले सोना गिरवी रखा था, भी अपने गहनों की जांच करवाने पहुंचा। पहले छह तोले सोने वाले पैकेट की जब जांच की गई तो उसमें रखा कड़ा भी नकली निकला।
हंगामे के बाद पुलिस कार्रवाई
दो ग्राहकों के गहनों के नकली निकलने की खबर जैसे ही फैली, बैंक के बाहर ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों को शक हुआ कि कहीं उनके गहनों के साथ भी धोखा न हुआ हो। हालात बिगड़ते देख बैंक कर्मियों ने अंदर से ताला लगाकर खुद को सुरक्षित कर लिया। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ को शांत किया और बैंक को सील कर दिया।
शुक्रवार को होगी सभी गहनों की जांच
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को बैंक दोबारा खोला जाएगा और उसमें जमा सभी ग्राहकों के गहनों की जांच कराई जाएगी। फिलहाल एक ग्राहक की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि यदि अन्य ग्राहकों के गहनों में भी गड़बड़ी मिलती है, तो केस में और धाराएं जोड़ी जाएंगी तथा जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।