Inkhabar Haryana, Gurugram Crime News: हरियाणा के गुरुग्राम डीएलएफ फेज-3 थाना क्षेत्र के नाथुपुर इलाके में एक जन्मदिन की पार्टी उस समय खूनी संघर्ष में बदल गई, जब मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिसे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी जिम संचालक नवीन को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या हैं पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 9 जुलाई की रात की है। नाथुपुर के एक घर में जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें स्थानीय युवक और दोस्त शामिल हुए थे। पार्टी के दौरान नाथुपुर का ही रहने वाला नवीन नामक युवक भी वहां पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, नवीन ने पार्टी में पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों से गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब एक युवक ने नवीन को समझाने की कोशिश की तो उसने अपना आपा खो दिया। उसने जेब से एक चाकूनुमा धारदार हथियार निकाला और सीधे युवक की आंख पर वार कर दिया। यह हमला इतना अचानक और हिंसक था कि पार्टी का माहौल अफरातफरी में बदल गया। घायल युवक को उसके साथियों ने तुरंत मेदांता अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस को अस्पताल से मिली सूचना
मेदांता अस्पताल से ही पुलिस को इस वारदात की सूचना मिली, जिसके बाद नाथुपुर चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित युवक का बयान दर्ज किया गया, जिसमें उसने बताया कि नवीन ने उस पर जानलेवा हमला किया और जब उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में आरोपी के साथियों ने उसे धमकाया और गालियां भी दीं।
पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का है आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी नवीन पहले भी चार आपराधिक मामलों में लिप्त रह चुका है। वह नाथुपुर इलाके में एक जिम संचालित करता है और स्थानीय स्तर पर दबंग किस्म का व्यक्ति माना जाता है। एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि नवीन ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नवीन को हिरासत में ले लिया। उसे जिला अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, ताकि घटना से जुड़ी और जानकारी जुटाई जा सके।