Inkhabar Haryana, Gurugram Crime News: हरियाणा के गुरुग्राम में अपराध की एक बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है। सेक्टर-5 थाना क्षेत्र स्थित एक गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी में डकैती की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनीपत निवासी मोहन उर्फ मोहना, सन्नी उर्फ सुनील और करनाल निवासी राहुल उर्फ बेहरा के रूप में हुई है।
बोलेरो गाड़ी से आए थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी। आरोपी बोलेरो गाड़ी में सवार होकर पहुंचे थे, लेकिन कंपनी से कुछ दूरी पर गाड़ी खराब हो जाने के कारण उनका एक साथी वाहन को लेकर वापस चला गया। बाकी आरोपी गोल्ड लोन कंपनी की ओर बढ़ गए और योजनानुसार वारदात को अंजाम दिया। कंपनी के अंदर घुसे कुछ आरोपी सोने की लूट में जुट गए जबकि बाकी निगरानी के लिए बाहर खड़े रहे। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
आपराधिक रिकॉर्ड से उठी पुलिस की चिंता
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। जांच में पता चला कि आरोपी मोहन पर हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत सोनीपत में 6 केस दर्ज हैं। वहीं, सन्नी पर मारपीट और लड़ाई-झगड़े के 3 केस दर्ज पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान वारदात में शामिल अन्य साथियों के बारे में भी महत्वपूर्ण खुलासे होंगे।
रेवाड़ी से भी बड़ी वारदात का खुलासा
इसी बीच, हरियाणा के रेवाड़ी जिले में भी अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दिल्ली के एक ट्रक कंडक्टर की हत्या के मामले में पुलिस ने जिस आरोपी को पकड़ा, वह कोई साधारण व्यक्ति नहीं बल्कि बीटेक का टॉपर निकला। पुलिस ने आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि इस केस का मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। सभी आरोपियों की तलाश जारी है।