Inkhabar Haryana, Gurugram Encounter News: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार देर रात एक नाटकीय मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक वॉन्टेड बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। यह मुठभेड़ वजीरपुर गांव के पास उस समय हुई जब क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बदमाश का पीछा किया। मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे?
घटना सोमवार रात करीब 10:30 बजे की है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की टीम को जानकारी मिली थी कि राजस्थान के तिजारा निवासी सरवन, जो दर्जनभर से अधिक आपराधिक मामलों में वॉन्टेड है, गुरुग्राम में सक्रिय है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वजीरपुर गांव के पास उसकी तलाश शुरू की।
जैसे ही पुलिस टीम ने सरवन को घेरने की कोशिश की, उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली सरवन के पैर में जा लगी। घायल होने के बावजूद सरवन को तुरंत मौके पर दबोच लिया गया।
अपराधी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, सरवन एक शातिर अपराधी है और उस पर हत्या, लूट, अवैध हथियार रखने समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं। वह पिछले लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। घायल बदमाश को इलाज के लिए गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मौके से पुलिस ने एक हथियार भी बरामद किया है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और सरवन से पूछताछ की जा रही है कि वह किस मकसद से गुरुग्राम आया था और किन लोगों से उसका संपर्क था।