Inkhabar Haryana, Gurugram student suicide: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार देर रात रमन मुंजाल यूनिवर्सिटी (Raman Munjal University) के छात्रावास में बीटेक की 19 वर्षीय छात्रा भूमिका गुप्ता का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। भूमिका मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले की रहने वाली थी और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। इस घटना ने छात्रावास और इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है, वहीं परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या की आशंका जताई है।
क्या हैं पूरा मामला?
पुलिस जांच अधिकारी बिजेंद्र के अनुसार, सोमवार रात हॉस्टल में थर्ड ईयर की एक छात्रा का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इसमें भूमिका अपनी रूम पार्टनर शांभवी (निवासी बिहार) के साथ शामिल हुई थी। करीब रात 10 बजे दोनों पार्टी में गईं। भूमिका पार्टी पूरी होने से पहले ही लगभग 12 बजे अपने कमरे में लौट आई। करीब डेढ़ बजे पार्टी में रिबन की जरूरत पड़ी। शांभवी रिबन लेने के लिए अपने कमरे में पहुंची, लेकिन कमरा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इस पर उसने वॉर्डन को जानकारी दी।
वार्डन ने मौके पर प्लम्बर को बुलाया और दरवाजे की कुंडी तुड़वाकर कमरे का ताला खोला गया। अंदर का नजारा देख सभी स्तब्ध रह गए। भूमिका कमरे की दीवार पर लगे कुंडे से फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। तुरंत अन्य छात्राओं को इसकी जानकारी मिली और फिर पुलिस को सूचना दी गई। करीब सुबह 4 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतारा गया और कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि सुसाइड की वजह अभी साफ नहीं है, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
क्या हैं रूम पार्टनर का बयान?
भूमिका की रूम पार्टनर शांभवी ने पुलिस को बताया कि पार्टी में भूमिका बिल्कुल नॉर्मल थी और मजाक-मस्ती कर रही थी। उसका व्यवहार सामान्य था और ऐसी कोई स्थिति नहीं थी जिससे लगे कि वह परेशान है या आत्महत्या कर सकती है। इस बयान से संदेह और गहरा हो गया है।
परिजनों के आरोप और सवाल
भूमिका के मौसा बृजेश गुप्ता ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भूमिका की मौत सुसाइड नहीं बल्कि हत्या हो सकती है। जिस स्थिति में उसका शव मिला, वह संदिग्ध है। उसके पैर मुड़े हुए थे और तलवे जमीन को छू रहे थे। यह फांसी की सामान्य स्थिति नहीं लगती।
वार्डन और कॉलेज प्रशासन ने हमें घटना की सही समय पर जानकारी नहीं दी। अगर रात 2:15 बजे दरवाजा तोड़ा गया और शव मिला, तो परिवार को सुबह 3:30 बजे क्यों बताया गया? पहले कहा गया कि उसकी तबीयत खराब है और वह सीरियस है। असली बात छिपाई गई। परिजनों की मांग पर पुलिस ने डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने का निर्णय लिया है।
क्या हैं मृतका की पारिवारिक पृष्ठभूमि?
भूमिका के पिता लक्ष्मीकांत गुप्ता स्कूल में शिक्षक थे, जिनका निधन वर्ष 2012 में हो गया था। उसकी मां बीना गुप्ता महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत हैं। पारिवारिक रूप से उसे उसके चाचा प्रमोद गुप्ता और चाची पुष्पा ने गोद लिया हुआ था। बिलासपुर थाना पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही अगली कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों ही कोणों से जांच जारी है।