




InKhabar Haryana (इंडिया न्यूज), Haryana News: शहर निवासी एक व्यक्ति का एटीएम बदलकर एक युवक ने खाते से 40 हजार रुपए निकाल लिए। उसकी शिकायत पर अब शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस बारे में पीडि़त जयप्रकाश ने बताया कि 2 सितंबर को वह एसबीआई बैंक में गया था। इसके बाद 11:20 पर वह शहर के लोहारू रोड स्थित महाराष्ट्रा बैंक के एटीएम में चला गया। यहां उसने मशीन में अपना एसबीआई बैंक का एटीएम कार्ड पैसे निकालने के लिए डाला, लेकिन ट्रांजेक्शन नहीं हुई। जयप्रकाश ने बताया कि एटीएम में उसी दौरान एक युवक आ गया और उसने अपना कार्ड डाल दिया। मगर उसका कार्ड मान्य नहीं हुआ। बाद में जयप्रकाश ने अपना कार्ड डाला और पैसे निकालने के लिए पासवर्ड डाल लिया। उक्त व्यक्ति ने पासवर्ड देखा लिया। इसके बाद उक्त युवक ने उसके कार्ड से रुपए निकालने की बात कही और उसने अपना एटीएम उसे दे दिया।
जयप्रकाश ने बताया कि इसके बाद उस युवक ने उसे अपना एटीएम कार्ड दे दिया। घर जाकर जब बैलेंस जांचा तो 5 ट्रांजेक्शन के माध्यम से उसके खाते से 40 हजार रुपए निकले मिले। इसके बाद उसने बैंक में जाकर पूछताछ की तो पता चला कि उक्त युवक की ओर से दिया गया कार्ड जयवीर का है। आरोपी ने 4 ट्रांजेक्शन 9500 रुपए की जबकि पांचवीं बार उसने उसके खाते से 2 हजार रुपए निकाले। इस पर उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी।




