Advertisement
Advertisement
होम / Hisar Crime News: हरियाणा में व्यक्ति की पुलिस कस्टडी में संदिग्ध हालता में मौत, मामला जान दंग रह जाएंगे

Hisar Crime News: हरियाणा में व्यक्ति की पुलिस कस्टडी में संदिग्ध हालता में मौत, मामला जान दंग रह जाएंगे

BY: • LAST UPDATED : July 23, 2025
Inkhabar Haryana, Hisar Crime News: हिसार के आजाद नगर थाना क्षेत्र की मंगाली पुलिस चौकी में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मंगाली झारा गांव निवासी 48 वर्षीय संजय कांटीवाल के रूप में हुई है। संजय को सोमवार देर रात शराब के नशे में हंगामे के आरोप में पुलिस चौकी लाया गया था, जिसके कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने चौकी के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए।

क्या हैं पूरा मामला?

मृतक संजय की पत्नी ने सोमवार रात 112 नंबर पर कॉल कर शिकायत दी थी कि संजय नशे की हालत में घर में झगड़ा कर रहा है। इस पर मंगाली चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और संजय को हिरासत में लेकर चौकी ले आई। बताया जा रहा है कि संजय को चौकी के हवालात में बंद किया गया था। मंगलवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि संजय की हालत खराब हो गई है। जब तक परिजन मंगाली चौकी पहुंचे, तब तक संजय की मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों का गुस्सा भड़क उठा और वे चौकी के बाहर धरने पर बैठ गए। मृतक की बहन सुमन और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने संजय की हालत बिगड़ने पर समय रहते जानकारी नहीं दी।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि जिस कमरे में संजय को बंद किया गया था, उसमें न तो पंखा था और न ही कूलर। गर्मी और दम घुटने जैसी स्थिति में यदि कोई परेशानी हुई होती, तो पुलिस को तुरंत परिवार को सूचना देनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर रही कि आखिर मौत कैसे हुई। घटना की जानकारी मिलते ही हिसार एसपी शशांक कुमार सावन मंगाली चौकी पहुंचे और मामले की जांच के निर्देश दिए। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।

Advertisement

पुलिस चौकी का गेट बंद

घटना के बाद गांव मंगाली झारा और आस-पास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण चौकी के बाहर जुट गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर चौकी का मुख्य गेट बंद कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि संजय लंबे समय से नशे का आदी था और कई बार पुलिस उसे पहले भी चौकी में ला चुकी थी। वह दो बच्चों का पिता था। हालांकि ग्रामीणों का यह भी कहना है कि नशे की आदत के बावजूद उसकी मौत इस तरह हो जाना कई सवाल खड़े करता है।

मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

परिजन और ग्रामीण इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर संजय की मौत लापरवाही से हुई है तो जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि संजय की गिरफ्तारी उसके परिजनों की शिकायत पर की गई थी। प्रारंभिक तौर पर किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।