Advertisement
Advertisement
होम / Jind fraud case: हरियाणा में व्यापारी ने की करोड़ों की धोखाधड़ी, मंडी के 164 आढ़तियों से पेमेंट लेकर हुआ फरार

Jind fraud case: हरियाणा में व्यापारी ने की करोड़ों की धोखाधड़ी, मंडी के 164 आढ़तियों से पेमेंट लेकर हुआ फरार

BY: • LAST UPDATED : July 24, 2025
Inkhabar Haryana, Jind fraud case: हरियाणा के जींद जिले की अनाज मंडी में एक बड़ा आर्थिक घोटाला सामने आया है, जिसमें एक व्यापारी और उसके परिवार पर मंडी के 164 आढ़तियों से लगभग 18 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी कर फरार होने का आरोप है। आरोपी महावीर मित्तल और उनके परिवार की दो फर्मों ने आढ़तियों से धान की खरीद की थी, लेकिन उसका भुगतान नहीं किया गया। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या हैं पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, साल 2024 में महावीर मित्तल और उनके परिवार की फर्मों ने जींद की अनाज मंडी में सक्रिय दुकानदारों के जरिए धान की बड़ी मात्रा में खरीद की थी। खरीददारी के समय पेमेंट बाद में करने की बात कहकर उन्होंने किसानों और आढ़तियों से माल उठाया। मंडी के आढ़तियों को भरोसा था कि फर्म समय पर भुगतान कर देगी, लेकिन समय बीतता गया और पेमेंट नहीं हुआ। जब व्यापारी से बार-बार संपर्क करने की कोशिश की गई, तब पता चला कि महावीर मित्तल का पूरा परिवार घर और दुकानें बंद कर कहीं चला गया है। अनाज मंडी में उनकी दोनों फर्मों के शटर लंबे समय से बंद हैं।

शिकायत में मंडी प्रधान ने खोला घोटाले का राज

मंडी प्रधान सुशील सिहाग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि महावीर मित्तल और उनके परिवार ने जानबूझकर योजनाबद्ध तरीके से 164 आढ़तियों को कुल मिलाकर 18 करोड़ रुपए से ज्यादा का चूना लगाया है। इससे मंडी में हड़कंप मचा हुआ है, क्योंकि इतने बड़े स्तर पर पहली बार ऐसा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यह मामला पहला नहीं है। इससे पहले ईश्वर सिंह सिंधु नामक एक आढ़ती ने महावीर मित्तल और उनकी पत्नी राजबाला पर 46 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। उस मामले की जांच भी फिलहाल लंबित है।

पुलिस ने किया मामला दर्ज

जांच अधिकारी जसबीर सिंह ने जानकारी दी कि मंडी प्रधान की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी परिवार ने जानबूझकर प्लान बनाकर फरारी ली है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और बैंक लेन-देन खंगाल रही है, ताकि पैसों के लेन-देन का पूरा रूट पकड़ा जा सके।

Advertisement