Inkhabar Haryana, Jind Honeytrap Case: हरियाणा के जींद जिले में हनीट्रैप के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। नरवाना CIA पुलिस टीम ने एक महिला समेत तीन लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ये गिरोह लोगों को जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम ऐंठता था। पुलिस ने इन आरोपियों को 8 लाख रुपये लेते हुए पकड़ा और न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कैसे चल रहा था हनीट्रैप का खेल?
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार महिला बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाती थी। पहले वह सड़कों पर लिफ्ट मांगकर लोगों से संपर्क बनाती और उनकी सहानुभूति जीतने की कोशिश करती। इसके बाद वह बातचीत के बहाने उनका मोबाइल नंबर ले लेती और लगातार मिस कॉल या मैसेज के जरिए उनसे संपर्क बनाए रखती। जब दोस्ती गहरी हो जाती, तो महिला उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने लगती। हर छह महीने में यह महिला नया शिकार ढूंढती थी। नरवाना डीएसपी अमित भाटिया के अनुसार, यह महिला पहले भी कई लोगों को हनीट्रैप में फंसाकर मोटी रकम वसूल चुकी है।
पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा
बता दें कि, पुलिस को इस गिरोह के खिलाफ पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एक विशेष टीम बनाई गई। नरवाना सदर थाने में आरोपी महिला ने रेप का झूठा मामला दर्ज करवा रखा था और समझौते के लिए पीड़ित पक्ष से 8 लाख रुपये मांग रही थी। जैसे ही महिला और उसके साथी पैसे लेने पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस गिरोह में महिला के साथ उसके सगे भाई, मौसी का लड़का और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जींद में इस महिला के खिलाफ तीन अन्य हनीट्रैप के मामले दर्ज हो चुके हैं, जहां उसने समझौते के नाम पर पैसे लेकर शिकायतें वापस ली थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। DSP अमित भाटिया ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के और सदस्य कहीं अन्य जिलों में तो सक्रिय नहीं हैं।