Inkhabar Haryana, Kaithal Crime News: विदेश जाकर बेहतर जिंदगी का सपना संजोए कई युवाओं को ठगों के जाल का शिकार होना पड़ता है। हरियाणा के कैथल जिले के खरौदी गांव के मजीद अहमद के साथ ऐसा ही एक दर्दनाक और भयावह हादसा हुआ। मजीद को जर्मनी भेजने का झांसा देकर रूस भेजा गया, जहां उसे बंधक बनाकर यातनाएं दी गईं। ठगों ने न केवल उसके परिवार से 8.50 लाख रुपये ऐंठे, बल्कि उसे मौत के मुंह में धकेल दिया।
क्या है पूरा मामला?
मजीद अहमद विदेश जाने का इच्छुक था। जुलाई 2024 में उसने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें जर्मनी भेजने का दावा किया गया था। यह विज्ञापन पटियाला, पंजाब के रहने वाले कमलप्रीत मल्होत्रा और उनकी पत्नी अंकिता मल्होत्रा द्वारा डाला गया था। दोनों ब्रिटिश एकेडमी के नाम से एक कार्यालय चलाते थे।
मजीद ने इनसे संपर्क किया और बातचीत के दौरान उन्होंने उसे पहले रूस भेजने और फिर वहां से जर्मनी भेजने का आश्वासन दिया। इसके लिए उन्होंने 8.50 लाख रुपये मांगे। मजीद ने उनके झांसे में आकर अपना पासपोर्ट उन्हें सौंप दिया और शुरुआती तौर पर 4 लाख रुपये भी दे दिए।
रूस में बंधक बनाने की साजिश
12 अगस्त 2024 को मजीद को नई दिल्ली से रूस भेजा गया। वहां पहुंचने के बाद मजीद को कहा गया कि वह जल्द ही जर्मनी जाएगा। इस बीच ठगों ने उसके परिवार से 21,000 रुपये और मांगे। कुछ दिनों बाद मजीद से झूठ बुलवाया गया कि वह जर्मनी पहुंच चुका है, जिसके आधार पर ठगों ने परिवार से 4.29 लाख रुपये और ऐंठ लिए।
इसके बाद मजीद का परिवार उससे संपर्क नहीं कर पाया। 12 सितंबर को मजीद ने एक अज्ञात नंबर से फोन कर अपने पिता को अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि उसे अज्ञात व्यक्तियों ने किडनैप कर रूस से बेलारूस ले जाकर बंधक बना लिया था।
यातनाओं की कहानी
मजीद ने बताया कि किडनैपरों ने उसे भूखा रखा और उसके शरीर पर जलती सिगरेट बुझाई। उसे धमकाकर यह कहलवाया गया कि वह जर्मनी पहुंच चुका है। उन्होंने उसके 700 डॉलर भी छीन लिए। यातनाओं के बाद उसे अधमरी हालत में जंगल में फेंक दिया गया। वहां से गुजरने वाले कुछ लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
आरोपियों पर मामला दर्ज
20 सितंबर को मजीद ने बड़ी मुश्किल से भारत लौटने का इंतजाम किया और घर पहुंचा। मजीद के पिता सरदार अहमद ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कमलप्रीत मल्होत्रा और उनकी पत्नी अंकिता मल्होत्रा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।