Inkhabar Haryana, Kaithal Crime News: हरियाणा के कैथल के सीवन थाना क्षेत्र में मई माह से चर्चा में रहे एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह मामला न केवल अपराध की गंभीरता, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवालों के कारण भी सुर्खियों में है।
क्या हैं पूरा मामला?
26 मई को पीड़िता के पिता ने सीवन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी दोपहर करीब 1:30 बजे घर से अचानक लापता हो गई। वह अपने साथ कपड़े, जरूरी कागजात और नकदी भी ले गई थी। घटना के समय परिवार खेत में काम कर रहा था और घर पर कोई मौजूद नहीं था। पिता ने संदेह के आधार पर एक महिला का नाम लिया, जिस पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप था। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पहले एक युवक को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान संदेह के घेरे में आई महिला को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया।
थर्ड डिग्री के आरोप
पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस पर थर्ड डिग्री टॉर्चर के गंभीर आरोप लगाए। आरोप की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कैथल, आस्था मोदी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की। बाद में इस जांच को करनाल पुलिस की टीम को सौंप दिया गया ताकि आरोपों की निष्पक्ष पड़ताल हो सके।
सबूतों के आधार पर गिरफ्तारी
डीएसपी सुशील प्रकाश ने जानकारी दी कि मुकदमा नंबर 111 में महिला को पीड़िता द्वारा मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 164 के तहत दिए गए बयान और अन्य पुख्ता सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोप का मामला अलग है और उसकी जांच करनाल पुलिस की एसआईटी कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग लड़की के मामले में गहन जांच जारी है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न केवल अपराध की गंभीरता, बल्कि पुलिस के जांच तरीकों पर उठे सवालों के चलते भी चर्चाओं में बना हुआ है।