




Karnal Crime: हरियाणा के करनाल के कोट मोहल्ले में एक दर्दनाक घटना घटी, जहां चार दोस्तों के बीच शराब पीते समय झगड़ा हो गया। शनिवार रात करीब डेढ़ बजे, चार दोस्त रवि, रजत, दीपक और रोहित शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर रवि और रजत के बीच बहस शुरू हो गई। जब रजत ने दीपक को गाली दी, तो रवि ने इसका विरोध किया। बात इतनी बढ़ गई कि रजत ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और रवि के पेट में घोंप दिया। दीपक ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो रजत ने उसे भी चाकू मार दिया।
घटना के बाद रजत मौके से फरार हो गया। घायल रवि थोड़ी दूर ही चल पाया और जमीन पर गिर पड़ा। रोहित ने तुरंत रवि और दीपक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। 30 वर्षीय रवि के दो छोटे बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। वह एक प्राइवेट नौकरी करता था और दो महीने पहले ही उसकी मां का देहांत हुआ था। इस दुखद घटना ने रवि के परिवार पर गहरा आघात पहुंचाया है, और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
रवि के परिजनों ने पुलिस से निवेदन किया है कि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। उन्हें डर है कि आरोपी विदेश न भाग जाए, क्योंकि उसका पासपोर्ट भी तैयार है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसे पकड़ने के लिए टीमों को भेज दिया गया है। सिटी थाना प्रभारी सुल्तान सिंह ने बताया कि दूसरा घायल दीपक अब खतरे से बाहर है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




