Inkhabar Haryana, Karnal Crime Case: हरियाणा के करनाल जिले में एक सनसनीखेज ब्लैकमेलिंग मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है जो लोगों को हनीट्रैप में फंसाकर उनसे मोटी रकम ऐंठने का काम करता था। खास बात यह है कि इस गैंग में दो पति-पत्नी की जोड़ियां शामिल थीं, जो मिलकर इस पूरे रैकेट को अंजाम दे रही थीं। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या हैं पूरा मामला?
मामले की शुरुआत तब हुई जब एक युवक की एक महिला से सोशल मीडिया के जरिए जान-पहचान हुई। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी और फिर मुलाकातें शुरू हो गईं। मुलाकातों के दौरान युवक और महिला के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जिसका फायदा उठाकर महिला ने एक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उस युवक को ब्लैकमेल किया जाने लगा। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवक से एक लाख रुपये की मांग की गई। डर के मारे युवक ने 39 हजार रुपये नकद और अपनी महंगी घड़ी दे दी। लेकिन आरोपियों की लालच यहीं नहीं रुकी। वे लगातार और पैसों की मांग करते रहे। आखिरकार परेशान होकर युवक ने पुलिस की शरण ली और मामला दर्ज कराया।
भागने की कोशिश कर रहे थे आरोपी
जैसे ही मामला पुलिस तक पहुंचा, कार्रवाई शुरू हो गई। पुलिस ने तकनीकी सहायता और खुफिया जानकारी के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए सभी आरोपी भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें काबू में कर लिया। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी दो शादीशुदा जोड़ियां हैं। जांच में सामने आया है कि इनका आपस में तालमेल बहुत गहरा था और ये मिलकर कई लोगों को इसी तरह जाल में फंसा चुके हैं। इनमें से एक पुरुष आरोपी के खिलाफ अलग-अलग जगहों पर करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस की अपील
करनाल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस तरह के हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग से सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति से दोस्ती करने में सावधानी बरतें और अगर कोई व्यक्ति ब्लैकमेलिंग करता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि जागरूकता ही ऐसी घटनाओं से बचने का सबसे अच्छा उपाय है।