Inkhabar Haryana, Karnal Crime News: हरियाणा में अपराध के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। राज्य में दिन-प्रतिदिन बढ़ते अपराध ने आम जनता के मन में भय का माहौल पैदा कर दिया है। करनाल से हाल ही में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें पुरानी रंजिश के चलते कार में सवार युवकों पर जानलेवा हमला किया गया।
पुरानी रंजिश का शिकार बने युवक
क्या है पूरा मामला?
घटना करनाल के भगवाडिया गैस एजेंसी के पास की है, जहां देर रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने कार सवार युवकों पर तेजधार हथियारों और गोलियों से हमला किया। गनीमत यह रही कि इस हमले में कोई भी युवक घायल नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है। पीड़ित राहुल पंडित नामक युवक ने पुलिस को बताया कि वह जेल से रिहा होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसकी कार को रोककर उस पर और उसके दोस्तों पर हमला किया।
हमलावरों का दुस्साहस
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने पहले गंडासियों से उनकी कार पर हमला किया और फिर गोलियां चलाईं। घटना के समय राहुल अपने दोस्तों के साथ गाड़ी में था। हमलावरों ने गाड़ी के सामने अपनी कार अड़ा दी, जिससे राहुल और उसके साथी गाड़ी से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। इसके बाद हमलावरों ने पीछा कर उन पर हमला किया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी समेत कई पुलिस टीमें रातभर मामले की जांच-पड़ताल में जुटी रहीं। राहुल पंडित ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उसने आरोप लगाया कि यह हमला उसकी पुरानी रंजिश का नतीजा है और वह खुद और अपने दोस्तों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।