Inkhabar Haryana, Karnal murder case: हरियाणा के करनाल जिले के उमरपुर गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे एक अज्ञात युवती का शव मिला। आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
शव की पहचान में मिली सुराग की पर्ची
डीएसपी करनाल राजीव कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान कराना सबसे बड़ी चुनौती थी। पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ मौके से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान युवती की पैंट की जेब से एक स्लिप बरामद हुई, जिस पर दो मोबाइल नंबर लिखे थे। इन्हीं नंबरों के आधार पर पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के कैराना पहुंची। वहां से पता चला कि मृतका 20 वर्षीय युवती थी, जो शामली जिले के एक गांव की रहने वाली थी। पहचान होने के बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। युवती की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके सगे भाई रिहान और मुसेरे भाई फरमान ने मिलकर की थी।
ऐसे रची गई वारदात की कहानी
डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपी युवती को उसके जीजा के घर से पंजाब ले जाने के बहाने अपने साथ ले गए। आरोपी फरमान ट्रक चलाता है। दोनों ने युवती को ट्रक में बैठाया और रास्ते में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को करनाल जिले के इंद्री इलाके में सुनसान जगह पर फेंक दिया और वहां से फरार हो गए। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी भाई को अपनी बहन के चरित्र पर शक था। यही शक उसके लिए मौत की वजह बन गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कैंटर भी बरामद कर लिया है।
करनाल पुलिस ने चंद घंटों में मामले का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है और उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि और तथ्य सामने आ सकें।