Advertisement
Advertisement
होम / Kurukshetra Fraud Case: हरियाणा में पकड़ा गया नटवरलाल, फर्जी पुलिसवाला बन करता था ठगी, खुले कई राज

Kurukshetra Fraud Case: हरियाणा में पकड़ा गया नटवरलाल, फर्जी पुलिसवाला बन करता था ठगी, खुले कई राज

BY: • LAST UPDATED : August 22, 2025
Inkhabar Haryana, Kurukshetra Fraud Case: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के गुहला चीका इलाके में पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को गुमराह करता था। आरोपी न केवल हरियाणा पुलिस की वर्दी पहनता था बल्कि फर्जी आईकार्ड और अन्य सामान का इस्तेमाल कर खुद को साइबर सेल का कर्मचारी साबित करने की कोशिश करता था। इस गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी सफलता करार दिया है।

गश्त के दौरान मिली सूचना

डीएसपी हेड क्वार्टर वीरभान के अनुसार, महमुदपुर पुलिस चौकी के हेड कॉन्स्टेबल मंगल सिंह की टीम समाना-चीका रोड पर नियमित गश्त कर रही थी। तभी टीम को सूचना मिली कि थेह बनेहड़ा गांव का रहने वाला विजय कुमार फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों से ठगी कर रहा है और इस समय पंजाब की ओर जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही चौकी प्रभारी एसआई बलराज सिंह ने महमुदपुर बस अड्डे के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद वहां एक आल्टो कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

आरोपी की पहचान और बरामदगी

कार से उतारे जाने पर आरोपी हरियाणा पुलिस का लोगो लगी टी-शर्ट पहने हुए मिला। पूछताछ में उसकी पहचान विजय कुमार निवासी थेह बनेहड़ा के रूप में हुई। उसने खुद को कुरुक्षेत्र पुलिस के साइबर सेल का कर्मचारी बताया, लेकिन सत्यापन में उसका दावा झूठा निकला। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें से पुलिस की वर्दी, बेल्ट, जूते, कैप, फर्जी आईकार्ड, लैपटॉप, पेन ड्राइव और मोबाइल फोन सहित कई सामान बरामद हुए। यह साफ हो गया कि आरोपी लंबे समय से लोगों को गुमराह कर ठगी की वारदातों को अंजाम देता आ रहा था।

Advertisement

डीएसपी का बयान

पुलिस ने विजय कुमार के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह शातिर अपराधी है और पहले भी कई जगहों पर पुलिसकर्मी बनकर ठगी कर चुका है। अदालत से रिमांड लेकर पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है। डीएसपी वीरभान ने कहा कि इस गिरफ्तारी से न केवल ठगी की कई घटनाओं का पर्दाफाश होगा बल्कि लोगों को भी ऐसे फर्जी पुलिसकर्मियों से सतर्क रहने का संदेश जाएगा। पुलिस अन्य संभावित ठगी के मामलों की जांच कर रही है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और खुलासे होंगे।