Inkhabar Haryana, Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की निर्माण शाखा में भ्रष्टाचार का मामला उजागर हुआ है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) कुरुक्षेत्र की टीम ने एक सिविल SDO (सहायक अभियंता) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ठेकेदार से बिल पास करने के लिए रिश्वत मांगे जाने की शिकायत के आधार पर की गई। इसके अलावा, इस मामले में मध्यस्थता करने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है।
रिश्वत के 64,000 रुपये बरामद
एसीबी के इंस्पेक्टर परवीन बापरा ने बताया कि टीम ने गिरफ्तारियों के साथ-साथ रिश्वत के 64,000 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। यह रकम विश्वविद्यालय की निर्माण शाखा के एसडीओ द्वारा ठेकेदार से बिल पास करने के एवज में मांगी गई थी। शिकायतकर्ता ठेकेदार ने इस मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत पर की गई त्वरित कार्रवाई
ठेकेदार की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीबी ने एक टीम गठित की और जाल बिछाकर एसडीओ को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान एक अन्य व्यक्ति, जो रिश्वत देने और लेने के बीच मध्यस्थता कर रहा था, उसे भी गिरफ्तार किया गया। एसीबी ने स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी विभाग में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस मामले की तह तक जांच की जाएगी।
इंस्पेक्टर परवीन बापरा ने कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए नागरिकों को भी सहयोग करना चाहिए। उन्होंने अपील की कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो को सूचना दें। गिरफ्तार व्यक्तियों को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की जांच जारी है।
Kumari Selja: “भाजपा सरकार की अनदेखी से जर्जर होती जा रही सड़के बन रही हादसों का सबब”- कुमारी सैलजा