




Inkkhabar Haryana, Mahendragarh News: महेंद्रगढ़ जिले के गांव खेड़की में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक निजी स्कूल की बस के अंदर एक छात्र के पिता ने 12वीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट कर दी। यह घटना सूरज स्कूल की बस में हुई, जिसमें अन्य विद्यार्थी भी सवार थे। पीड़ित छात्र के परिजन द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस ने बस को थाने में लाकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे शिकायतकर्ता सज्जन सिंह ने बताया कि उनका बेटा मोहित सूरज स्कूल, महेंद्रगढ़ में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। रोज़ की तरह शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे वह स्कूल जाने के लिए बस में सवार हुआ। लेकिन लगभग 6:30 बजे मोहित ने उन्हें फोन कर बताया कि खेड़की गांव के एक छात्र के पिता ने बस में चढ़कर उसके साथ मारपीट की है।
सज्जन सिंह के अनुसार, गुरुवार को स्कूल में कुछ बच्चों के बीच सामान्य झगड़ा हुआ था, जिसमें उनका बेटा शामिल नहीं था। इसके बावजूद अगले दिन खेड़की गांव के छात्र के पिता ने बस में घुसकर उनके बेटे मोहित को पीट दिया और सिर खिड़की के शीशे में दे मारा। साथ ही, उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। सज्जन सिंह ने इस पूरी घटना की सूचना डायल 112 और स्कूल के निदेशक संदीप यादव को दी, लेकिन उनके अनुसार स्कूल प्रबंधन से कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली।
मोहित ने बताया कि गुरुवार को स्कूल में कुछ बच्चे आपस में मज़ाक और झगड़ते हुए खेल रहे थे। इसी दौरान खेड़की गांव के एक छात्र ने उस पर झगड़े का आरोप लगा दिया। अगले दिन जब वह बस में स्कूल जा रहा था, तो उसी छात्र का पिता बस में चढ़ आया और उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। उसने मोहित का सिर खिड़की के शीशे में मारा और धमकियां दीं।




