




सोनीपत निवासी अमित बिंदल ने कहा कि मैंने पुलिस और कोर्ट के सामने वही सच्चाई बताई है जो मैंने देखी है। मेरे सामने कोई भी आपत्तिजनक घटना नहीं हुई। मैं इस मामले में सच्चाई का साथ दूंगा। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि वह आरोप लगाने वाली महिला के साथ हिमाचल गए थे, लेकिन उन्होंने किसी भी गलत गतिविधि के होने से इनकार किया है।
दिल्ली की रहने वाली एक महिला ने भाजपा नेता मोहन लाल बड़ौली और सिंगर राकी मित्तल पर गैंगरेप का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया कि वह अमित बिंदल के साथ काम करती थी और उनके साथ हिमाचल यात्रा पर गई थी, जहां यह घटना हुई।
अमित बिंदल का नाम सिर्फ इस केस में ही नहीं, बल्कि उनकी राजनीतिक गतिविधियों के कारण भी चर्चा में रहता है। 2022 में उन्होंने जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) को छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से सोनीपत सीट पर टिकट पाने की उनकी कोशिशें सुर्खियों में थीं। टिकट के लिए उन्होंने सिर मुंडवा कर भगवा धारण किया था और समाजसेवी बनने का चोला पहन लिया था।
गवाह नंबर-2 के बयान ने इस केस में नया मोड़ ला दिया है। अमित बिंदल ने साफ तौर पर कहा कि वह इस मामले में किसी भी झूठ का साथ नहीं देंगे। उन्होंने महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को पुलिस जांच का विषय बताया है।
मामले की जांच कर रही पुलिस ने इस घटना के हर पहलू पर जांच जारी रखी है। गवाहों और आरोपियों के बयानों को ध्यान में रखते हुए पुलिस सच तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।




