Advertisement
Advertisement
होम / Nuh News: नूंह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 साइबर ठगों को किया गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

Nuh News: नूंह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 साइबर ठगों को किया गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

BY: • LAST UPDATED : February 13, 2025
Inkhabar Haryana, Nuh News: हरियाणा पुलिस ने साइबर अपराध पर शिकंजा कसते हुए नूंह जिले में विशेष अभियान के तहत 14 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये ठग सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान छुपाकर होटल बुकिंग, सेक्सटॉर्शन, नकली मुगलकालीन सोने के सिक्कों की बिक्री और फर्जी रैपिडो टैक्सी विज्ञापन के जरिए लोगों से ठगी कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 13 मोबाइल फोन, 19 फर्जी सिम कार्ड और 2 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

ऑपरेशन आक्रमण के तहत हुई कार्रवाई

नूंह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने बुधवार को “ऑपरेशन आक्रमण” के तहत छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। डीएसपी हेडक्वार्टर हरिंद्र कुमार ने बताया कि इन साइबर अपराधियों के खिलाफ 11 अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनकी गिरफ्तारी नूंह जिले के मालब, नल्हड़ रोड, गहबर टी-प्वाइंट, बीसरु, जयसिंहपुर फ्लाईओवर, तेड-पिनंगवा रोड, लाहबास नहर, खेडा खलीलपुर मोड़, केएमपी पुल और पल्ला गांव के आसपास से की गई।

सोशल मीडिया के जरिए लोगों को बनाया शिकार

जानकारी के मुताबिक, ये आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को झांसा देते थे। होटल बुकिंग और ऑनलाइन टैक्सी सेवा के नाम पर पैसे ऐंठने के अलावा, ये अश्लील वीडियो बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करने (सेक्सटॉर्शन) और नकली सोने के सिक्के बेचने का झांसा देकर भी ठगी करते थे। इनके ठगी के शिकार पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, बिहार सहित कई राज्यों के लोग हुए हैं।

Advertisement

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में साहिल (रावतका, राधानगरी, थाना कामा, राजस्थान),  मुसैब (बीसरु, थाना बिछौर), साहिल (नई, थाना बिछौर), तसलीम उर्फ तस्सी (आडदूका, थाना गोपालगढ़, राजस्थान),  सारीक उर्फ गुटारी और सारीप (जुरहेड़ा, राजस्थान), सोहेल (हिरवाडी बावनठेड़ी, थाना फिरोजपुर झिरका), सोहिल (झारपुरी, थाना पिनंगवा), मनीष (कोरली, थाना सीकरी, राजस्थान), आसिफ (बिसम्बरा, थाना शेरगढ़, उत्तर प्रदेश), प्रवेज (रुंद खोह, थाना खोह, राजस्थान), अजाज उर्फ इजाज (रीगड, थाना फिरोजपुर झिरका), साहिल (हथनगांव, इन्दा बास) शामिल हैं।

आरोपियों को अदालत में पेश करेगी पुलिस

नूंह पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इनसे पूछताछ जारी है। इनकी गिरफ्तारी से साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अब इनके नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि इनके अन्य साथियों को भी पकड़ा जा सके। सभी आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।