Inkhabar Haryana, Panipat Crime News: हरियाणा के पानीपत जिले के लुहारी गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को छात्रों के दो गुटों के बीच लंच ब्रेक के दौरान मामूली कहासुनी अचानक हिंसक झड़प में बदल गई।
क्या हैं पूरा मामला?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विद्यालय में लंच के समय कक्षा 11वीं और 9वीं के छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस बीच, एक कक्षा 11वीं के छात्र ने अपने पास मौजूद चाकू निकालकर 9वीं के छात्र पर हमला कर दिया।
चाकू कंधे में घुसा
हमले में 9वीं कक्षा के छात्र के कंधे पर चाकू लग गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। वहीं, मारपीट के दौरान 11वीं कक्षा का छात्र भी चोटिल हुआ है। स्कूल प्रशासन ने तुरंत घायल छात्रों को स्थानीय जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल छात्र की स्थिति गंभीर है लेकिन खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को काबू में लिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्कूल प्रशासन से बातचीत की। मामले में शामिल छात्रों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।