Advertisement
Advertisement
होम / Panipat Crime News: हनीट्रैप केस में फसी महिला ने लगाया गैंगरेप का आरोप, सरपंच की खोल दी सारी पोल पट्टी

Panipat Crime News: हनीट्रैप केस में फसी महिला ने लगाया गैंगरेप का आरोप, सरपंच की खोल दी सारी पोल पट्टी

BY: • LAST UPDATED : December 30, 2024
Inkhabar Haryana, Panipat Crime News: पानीपत में हनीट्रैप के मामले में गिरफ्तार की गई महिला के आरोपों ने पुलिस और समाज को झकझोर दिया है। महिला ने अब सरपंच, उसके मामा और दोस्त पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पहले दिन से ही महिला कहती रही कि उसके साथ गैंगरेप हुआ है और अब मेडिकल जांच में भी इसकी पुष्टि हो चुकी है। इस मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली और न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

क्या है पूरा मामला?

महिला का आरोप है कि 21 दिसंबर को सरपंच ने उसे गुरुग्राम में एक पार्टी के लिए बुलाया। वह सरपंच, उसके मामा और दोस्त के साथ एक होटल गई, जहां उसके साथ तीनों ने मिलकर गैंगरेप किया। महिला ने इस घटना की शिकायत पानीपत के मॉडल टाउन थाने में दर्ज करवाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने यह कहकर टाल दिया कि मामला गुरुग्राम का है और वहीं शिकायत दर्ज करनी होगी।

पुलिस पर गंभीर आरोप

महिला का कहना है कि पुलिस ने उसे झूठे हनीट्रैप मामले में फंसाया है। उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसे घर से उठाकर जबरन पैसे के लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने को मजबूर किया। महिला ने दावा किया कि पुलिस ने रातभर उसे गाड़ी में बैठाए रखा और सुबह उसके कमरे में जबरदस्ती पैसे रखकर झूठा मामला बनाया।

Advertisement

जेल में बिगड़ी तबीयत, डॉक्टरों से कही आपबीती

गिरफ्तारी के बाद महिला को जेल भेज दिया गया था, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। 27 दिसंबर को दौरा पड़ने के बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में महिला ने डॉक्टरों को बताया कि उसके साथ गैंगरेप हुआ है, लेकिन पुलिस उसकी शिकायत नहीं ले रही और न ही उसका मेडिकल करवा रही है। महिला की बात सुनने के बाद डॉक्टरों ने उच्च अधिकारियों को सूचित किया।

28 दिसंबर को महिला के दबाव और रोने के बाद पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए और गैंगरेप का मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुग्राम में हुई थी, इसलिए जीरो एफआईआर दर्ज कर केस गुरुग्राम पुलिस को भेज दिया गया है।

सरपंच की शादी और हनीट्रैप की साजिश

गिरफ्तार महिला ने आरोप लगाया कि सरपंच ने ही पुलिस के साथ मिलकर उसे हनीट्रैप केस में फंसाने की साजिश रची थी। सरपंच करनाल के घरौंडा का निवासी है और उसकी शादी अगले महीने जनवरी में होने वाली है। महिला ने कहा कि पुलिस और सरपंच ने मिलकर उसके खिलाफ साजिश रची और उसे फंसाया।

सवालों के घेरे में पुलिस

महिला ने मीडिया और जेल अधिकारियों के सामने बार-बार अपनी आपबीती बताई। उसने कहा कि उसके पास सबूत हैं और वह निर्दोष है। महिला ने न्याय की मांग की है और दोषियों को सजा दिलाने की अपील की है।

इस पूरे मामले ने पुलिस की भूमिका पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला का कहना है कि उसकी शिकायत सुनने की बजाय पुलिस ने उसे प्रताड़ित किया और झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की। अब जब मेडिकल रिपोर्ट ने गैंगरेप की पुष्टि कर दी है, पुलिस पर निष्पक्ष जांच का दबाव और बढ़ गया है।