Inkhabar Haryana, Panipat News: पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या हैं पूरा मामला?
पीड़ित पति खजान सिंह, जो हाव राक्सेड़ा गांव का रहने वाला है और मेहनत-मजदूरी करता है, ने बताया कि उसकी शादी करीब एक साल पहले सफीदो के गांव रोड की रहने वाली बलविंदर कौर से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही बलविंदर गर्भवती हुई।
15 अगस्त को खजान सिंह अपनी पत्नी की जांच कराने समालखा के सामान्य अस्पताल पहुंचा। लेकिन वहां डॉक्टर न मिलने पर एक आशा वर्कर उन्हें हथवाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गई। इसी अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर प्रसव कराने की सलाह दी। मजबूरन खजान सिंह ने आशा वर्कर की बात मानते हुए ऑपरेशन की अनुमति दे दी।
ऑपरेशन और बच्चे की हालत
ऑपरेशन के बाद बलविंदर कौर ने एक बेटे को जन्म दिया। लेकिन जन्म के बाद बच्चे की हालत नाजुक बताई गई, जिसके चलते उसे पानीपत के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया। वहीं, बलविंदर कौर को ऑपरेशन के मात्र 48 घंटे बाद छुट्टी दे दी गई।
घर पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत
17 अगस्त की दोपहर करीब डेढ़ बजे निजी अस्पताल के डॉक्टर अपनी प्राइवेट गाड़ी में बलविंदर कौर को घर छोड़ गए। लेकिन घर पहुंचते ही बलविंदर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, लगभग 10 से 15 मिनट बाद ही उसने दम तोड़ दिया।
अस्पताल में हंगामा और पुलिस हस्तक्षेप
पत्नी की मौत के बाद गुस्साए परिजन बलविंदर कौर का शव लेकर हथवाला रोड स्थित उसी निजी अस्पताल पहुंचे और वहां हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने परिजनों को शिकायत दर्ज कराने और डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाने का आश्वासन दिया।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने पीड़ित पति खजान सिंह की शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।