Inkhabar Haryana, Panipat Spa Center News: हरियाणा के पानीपत सेक्टर 13-17 स्थित एक स्पा सेंटर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मसाज कराने आए एक युवक ने सेवा लेने के बाद पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि पहले युवक और स्पा सेंटर की युवतियों के बीच झड़प हुई और फिर युवक के पिता के आने के बाद मामला हाथापाई और पुलिस शिकायत तक पहुंच गया।
क्या हैं पूरा मामला?
घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। सेक्टर 13 का रहने वाला एक युवक स्पा सेंटर पहुंचा था। उसने डेढ़ घंटे तक एक युवती से मसाज कराई। जब मसाज समाप्त हुई और युवती ने 1,000 रुपये की मांग की तो युवक ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। युवती ने उसे गूगल पे या किसी अन्य माध्यम से भुगतान करने को कहा, लेकिन युवक ने भुगतान करने से साफ इनकार कर दिया।
इस पर स्पा सेंटर की अन्य युवतियां और संचालक वहां पहुंच गए। उन्होंने युवक का कॉलर पकड़ लिया, धक्का-मुक्की की और कथित तौर पर गालियां भी दीं। स्थिति बिगड़ती देख युवक ने अपने पिता को फोन कर बुला लिया। युवक के पिता जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने स्पा सेंटर में पहुंचकर युवतियों से झगड़ा शुरू कर दिया। आरोप है कि युवतियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। इसके बाद युवक के पिता ने पुलिस को कॉल कर दिया।
पुलिस के सामने भी चलता रहा विवाद
थोड़ी ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्पा सेंटर की कुछ युवतियां वहां से जा चुकी थीं। थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने जानकारी दी कि युवक द्वारा मसाज के बाद भुगतान न करने के कारण विवाद की शुरुआत हुई थी। युवक के पिता द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि जो भी इस पूरे मामले में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।