Inkhabar Haryana, Rahul Fazilpuria firing case: हरियाणा के गुरुग्राम में देर रात एक बड़ा पुलिस एनकाउंटर हुआ, जिसने बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग मामले में अहम मोड़ ला दिया है। इस फायरिंग केस में रेकी करने वाले आरोपी रमनदीप सिंह उर्फ पेट्रोल को पुलिस ने मानेसर इलाके में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। एनकाउंटर के दौरान पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके से दबोच लिया गया।
कैसे सामने आया पूरा मामला
कुछ दिन पहले गुरुग्राम में फेमस बॉलीवुड सिंगर फाजिलपुरिया पर जानलेवा हमला हुआ था। अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग की थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस हमले के पीछे कई पहलुओं की जांच हो रही थी, जिसमें पुलिस को एक अहम सुराग मिला रेकी करने वाले एक शातिर आरोपी रमनदीप सिंह उर्फ पेट्रोल का नाम सामने आया।
मानेसर की घाटी में बड़ा खुलासा
गुरुग्राम पुलिस को बीती रात सूचना मिली कि रमनदीप एक बार फिर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से मानेसर की घाटी में बाइक पर सवार होकर घूम रहा है। पुलिस की टीम तुरंत सक्रिय हुई और इलाके में नाकेबंदी की गई। रात करीब एक बजे मानेसर की घाटी में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत कस्टडी में लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के पास से एक बाइक और कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई है।
कौन है रमनदीप उर्फ पेट्रोल?
रमनदीप सिंह उर्फ पेट्रोल सिरसा जिले का रहने वाला है और उसकी उम्र लगभग 24 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रमनदीप फाजिलपुरिया पर हमले की रेकी और प्लानिंग में शामिल था। वह पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
गुरुग्राम पुलिस अब रमनदीप से गहन पूछताछ कर रही है कि फाजिलपुरिया पर फायरिंग के पीछे किसका इशारा था और इसमें कौन-कौन अन्य लोग शामिल थे। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि वह मानेसर की घाटी से कहां और किसे निशाना बनाने जा रहा था।