Inkhabar Haryana, Rewari Crime News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में बुधवार सुबह एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक ने ससुराल में घुसकर चाकू से हमला कर अपनी पत्नी, ससुर, साले और अन्य पर जानलेवा वार कर दिए। यह सनसनीखेज घटना शहर के एक शांत मोहल्ले में उस वक्त हुई जब महिला रक्षाबंधन के त्योहार के लिए एक दिन पहले ही अपने मायके आई थी।
क्या हैं पूरा मामाला?
जानकारी के अनुसार, हमलावर दामाद जो पेशे से एक ज्वेलर है, अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद में चल रहा था। दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया कोर्ट में चल रही है, साथ ही बच्चों की कस्टडी को लेकर भी मामला विचाराधीन है। इसी तनाव के बीच महिला अपने मायके रक्षाबंधन मनाने आई थी। अगले दिन सुबह अचानक महिला का पति अपने निजी वाहन से उसके मायके पहुंचा और अंदर घुसते ही पहले पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। पत्नी पर वार होते देख घर की अन्य महिलाएं उसकी भाभी और मां बचाने आईं, लेकिन उन पर भी उसने हमला किया।
ससुर और साले को बनाया निशाना
घटना की आवाजें सुनकर महिला का ससुर और साला दौड़े तो हमलावर ने उन दोनों के सीने और शरीर पर भी चाकू से लगातार वार किए। कुछ देर तक पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई। घरवालों ने मिलकर जैसे-तैसे हमलावर को रोकने की कोशिश की और उसे खुद से दूर किया। इसके बाद आरोपी मौके से अपनी कार में सवार होकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल ससुर और साले को तत्काल एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। महिला और अन्य परिजन भी चोटिल हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया है।
वीडियो फुटेज आए सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी का आक्रोश और चाकू से वार करते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। पुलिस ने इन वीडियो फुटेज और घरवालों की शिकायत के आधार पर आरोपी दामाद समेत कुल तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस का बयान
पुलिस ने बताया कि मामला घरेलू विवाद से जुड़ा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि बच्चों की कस्टडी को लेकर विवाद काफी समय से चला आ रहा था और पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनाव था।