




Inkhabar Haryana, Rohit Shaukeen Murder Case Update: हरियाणा का डिजिटल म्यूजिक और रैप सीन बीते कुछ वर्षों में तेजी से उभरा है, लेकिन हाल ही में गुरुग्राम की सड़कों पर जिस तरह गोलियां चलीं, उसने इस चमकती दुनिया के पीछे छिपे अंधेरे रिश्तों और रंजिशों को सामने ला दिया। मशहूर हरियाणवी रैपर राहुल फाजिलपुरिया के करीबी रोहित शौकीन की दिनदहाड़े हत्या न केवल म्यूजिक इंडस्ट्री को हिला गई है, बल्कि पुलिस और जनता को भी एक ऐसे कथित गैंगवॉर की ओर इशारा कर रही है, जो एक समय के करीबी दोस्तों के बीच खड़ी हुई दुश्मनी से जन्मा प्रतीत होता है।
Shamsher Singh Gogi on Congress: “कांग्रेस में कुछ स्लीपर सेल है जिनकी छटनी चल रही”- शमशेर गोगी
यह वारदात 4 अगस्त को गुरुग्राम के एसपीआर (SPR) रोड पर हुई, जब 40 वर्षीय रोहित शौकीन पर बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले की तीव्रता ऐसी थी कि रोहित को मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर सुनियोजित ढंग से आए थे और कुछ ही सेकंड में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
हत्या के कुछ ही घंटों के भीतर सोशल मीडिया पर एक सनसनीखेज पोस्ट वायरल हुआ। एक तस्वीर के साथ पोस्ट किए गए इस मैसेज में एक व्यक्ति, जिसने खुद को सुनील सरदानिया बताया, ने हत्या की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा था कि राम राम सभी भाइयों, मैं सुनील सरदानिया। जो ये गुड़गांव SPR रोड पर रोहित शौकीन का मर्डर हुआ है, ये हमने करवाई है। फाजिलपुरिया हमारे पैसे देने पड़ेंगे वरना इस लड़ाई में बहुत लोग मारे जाएंगे।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह था कि रोहित शौकीन, सुनील सरदानिया, दीपक नांदल और राहुल फाजिलपुरिया – ये चारों कभी एक टीम की तरह हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय थे। इन्होंने मिलकर कई म्यूजिक प्रोजेक्ट्स किए और सोशल मीडिया पर खासा नाम कमाया।
सूत्रों की मानें तो कुछ साल पहले रोहित शौकीन और राहुल फाजिलपुरिया के बीच किसी फाइनेंशियल विवाद को लेकर दूरियां बढ़ गई थीं। धीरे-धीरे यह दूरी इतनी बढ़ी कि बाकी साथी सुनील सरदानिया और दीपक नांदल भी विरोधी खेमे में चले गए। अब कहा जा रहा है कि यही गुटबंदी, फंड विवाद और व्यक्तिगत रंजिश इस खून-खराबे की असली जड़ है।
गुरुग्राम पुलिस की जांच टीम को घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध बाइक सवार कैद हुए हैं। इन फुटेज के आधार पर पुलिस बाइक की नंबर प्लेट, चालकों की पोशाक और फरारी के रास्ते की जांच कर रही है।
इसके साथ ही साइबर क्राइम टीम सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट की जांच कर रही है। पुलिस पोस्ट की जियो लोकेशन, IP ऐड्रेस और डिजिटल फिंगरप्रिंट्स की मदद से यह पता लगाने में जुटी है कि क्या वाकई पोस्ट करने वाला सुनील सरदानिया ही था या फिर यह किसी साजिश का हिस्सा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हम सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट की प्रमाणिकता की जांच कर रहे हैं। हो सकता है ये असली हो या किसी ने साजिश के तहत गुमराह करने के लिए अपलोड की हो।
क्योंकि मामला राहुल फाजिलपुरिया के करीबी रोहित शौकीन की हत्या से जुड़ा है, इसलिए पुलिस सूत्रों का कहना है कि फाजिलपुरिया से भी पूछताछ की जा सकती है। पुलिस यह जानना चाहती है कि उनके और रोहित के बीच चल रहा विवाद कितना गंभीर था, और क्या वह इस हत्या में किसी तरह की जानकारी या संदर्भ दे सकते हैं।




