Advertisement
Advertisement
होम / Rohtak Murder Case: हरियाणा के इस जिले में सनसनीखेज वारदात, रेलवे ट्रैक पर महिला की मिली कटी लाश

Rohtak Murder Case: हरियाणा के इस जिले में सनसनीखेज वारदात, रेलवे ट्रैक पर महिला की मिली कटी लाश

BY: • LAST UPDATED : July 25, 2025
Inkhabar Haryana, Rohtak Murder Case: हरियाणा के रोहतक में एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। दिल्ली-रोहतक रेलवे लाइन के किनारे एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को टुकड़ों में काटा गया और फिर उसे जलाने की भी कोशिश की गई। इस वारदात ने न सिर्फ आम लोगों को, बल्कि पुलिस को भी सकते में डाल दिया है।

क्या हैं पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे एकता कॉलोनी निवासी राहुल अपने दोस्त के साथ टहलने निकला था। जब वे पीजीआईएमएस क्वार्टर के पीछे रेलवे लाइन के पास पहुंचे, तो उन्हें वहां एक महिला का कटा हुआ हाथ दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर पता चला कि थोड़ी दूरी पर गर्दन कटा धड़ भी पड़ा है, जबकि पैर मौके से गायब थे। दोनों युवक एक पल के लिए घबरा गए और तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम

सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि शव के दो टुकड़ों को किसी केमिकल से जलाने का प्रयास किया गया था, जिससे पहचान छिपाई जा सके। यह साफ तौर पर एक सुनियोजित और जघन्य हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या किसी और जगह की गई है, और फिर शव को रेलवे ट्रैक के पास लाकर फेंका गया। हत्या का मकसद और हत्यारों की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Advertisement

मृतका की उम्र 35 से 40 के बीच बताई जा रही

मृतका की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। हालांकि अभी तक शव की पहचान नहीं हो सकी है। शव के टुकड़ों को रोहतक पीजीआई के डेड हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

जीआरपी ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को किसने और कब फेंका। इसके साथ ही आसपास के जिलों की पुलिस को सूचना भेज दी गई है ताकि हाल ही में लापता हुई किसी महिला से मामले का तार जोड़ा जा सके। पुलिस ने यह भी बताया है कि अभी शव के बाकी टुकड़े बरामद नहीं हुए हैं। शुक्रवार को एक बार फिर रेलवे लाइन और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा ताकि पूरे शव को बरामद कर जांच को आगे बढ़ाया जा सके।